रणधीर शर्मा बोले, विधायक मुकेश अग्निहोत्री कांग्रेस के बिखरे हुए कुनबे पर दें ध्यान

By: May 12th, 2019 12:02 am

ऊना -हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सामने कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री का कद बौना है। लोकसभा चुनाव में पार्टी की हार सामने देख बौखलाहट में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के खिलाफ स्तरहीन बयानबाजी पर उतर आए हैं। उन्हें ईमानदार मुख्यमंत्री की लोकप्रियता और क्षेत्रीय भेदभाव के बिना किए जा रहे विकास कार्य रास नहीं आ रहे। उन्होंने सलाह दी कि पहले वे कांग्रेस के बिखरे हुए कुनबे पर ध्यान दें नहीं तो हालात और खराब हो जाएंगे। रणधीर शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद कांग्रेस पार्टी अपने न्यूनतम जनाधार पर सिमट जाएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरंेद्र मोदी की नीतियों और कार्यों को इस पहाड़ी राज्य में लागू करके विकास की एक नई इबारत लिखनी शुरू की है। इससे पूर्व कांग्रेस सरकार ने राज्य में अपने संसाधन बढ़ाने की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया। तब फिजूलखर्ची अपने चरम पर थी। ऐशो-आराम से जिंदगी बिताने वाले कांग्रेसी मंत्रियों की प्राथमिकता में जनता की भलाई के काम कहीं नहीं थे। लेकिन नरेंद्र मोदी की आंधी ने विधानसभा चुनाव में जनता को विकास की उम्मीद बंधाई और यहां भाजपा की सरकार बनी।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App