सीएम के साथ एक दिन

By: May 9th, 2019 12:03 am

डेढ़ साल पहले हिमाचल के मुख्यमंत्री बने जयराम ठाकुर प्रदेश के लोकसभा चुनावों में भाजपा के सबसे बड़े स्टार प्रचारक बने हैं। पांव की गंभीर चोट के बावजूद सीएम अपने चुनाव प्रचार के पहले चरण में ही समूचे प्रदेश के  सियासी गलियारों की पगडंडियां नाप चुके हैं। छह मई को जयराम ठाकुर के चुनाव प्रचार में सुबह से शाम तक ‘दिव्य हिमाचल’ की टीम उनके साथ मौजूद रही। मंडी सर्किट हाउस में सीएम की बेड-टी से कुल्लू के नगवाईं रेस्ट हाउस में  रात्रि ठहराव तक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हर पल का गवाह बने राज्य ब्यूरो प्रमुख मस्तराम डलैल की विशेष रिपोर्ट…….

सहयोगः शालिनी राय, आशीष शर्मा, नरेंद्र शर्मा, गगन शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, विप्लव सकलानी, सुशांक, चमन शर्मा

मुख्यमंत्री हर दिन सुबह पांच बजे उठ जाते हैं और रात 12 बजे सोते हैं। आमतौर पर सरकारी कामकाज में व्यस्त रहने वाले सीएम का आजकल अधिकतर समय चुनावी रणनीति और चुनाव प्रचार में बीत रहा है।  सोमवार को सबसे पहले सुंदरनगर के डैहर में चुनावी सभा में हिस्सा लेने के बाद वे सीधे करसोग पहुंच गए। इसके बाद तीसरी जनसभा कुल्लू के गड़सा में संबोधित की। रात्रि ठहराव के लिए नगवाईं पहुंचे सीएम ने अधिकतर समय कार्यकर्ताओं के साथ बिताया।

सुबह 5: 30 बजे

स्थान सर्किट हाउस मंडी। सेट नंबर-एक में मौजूद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की सोमवार सुबह 5ः30 पर दिनचर्या शुरु हुई। हल्का व्यायाम और फ्रैश होने के बाद सुबह छह बजे सीएम सूईट में बैड-टी दी गई। कुछ ही देर बाद अखबारों का बंडल भी सीएम के पास पहुंच गया। चाय की चुस्कियों के बीच मुख्यमंत्री ने हिंदी अखबारों के पन्ने पलटने शुरू किए। विपक्ष के हमलों पर आधारित समाचारों पर जयराम ठाकुर की नजरें गढ़ी रही। इसके बाद सभी अंग्रेजी अखबारों का भी अवलोकन किया। सात बजे तक मीडिया की हर खबर से रू-ब-रू हुए मुख्यमंत्री ने पहला फोन संगठन पदाधिकारी को घूमाया। इसके बाद उन्होंने निजी सचिव से महत्त्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। करीब आठ बजे तक उन्होंने 15 से 20 फोन घुमाए और सरकार के कामकाज तथा चुनावी प्रचार का फीडबैक ली।

सुबह 8: 00बजे

सुबह आठ बजे मुख्यमंत्री से मिलने जिला अध्यक्ष मंडी रणवीर सिंह की टीम पहुंच गई। इस टीम ने चुनावी समीक्षा के साथ जयराम ठाकुर को जिला की वस्तुस्थिति से अवगत करवाया। धीरे-धीरे कार्यकर्ताआें की हाजिरी से सर्किट हाउस का सूईट नंबर-वन भरने शुरू हो गया। यह देखकर सीएम बैडरूम से बाहर ड्राइंग रूम में आ गए। यह दृश्य मुख्यमंत्री की सादगी को पूरी तरह से परिभाषित कर रहा था कि आम कार्यकर्ता किस प्रकार से बेरोक-टोक सीएम के सूईट तक पहुंच रहे थे। साढ़े आठ बजे तक कार्यकर्ताआें से भेंट करते-करते सर्किट हाउस में मीडिया कर्मियों की भीड़ जुट चुकी थी। इसके चलते मुख्यमंत्री खबर नवीसों से बारी-बारी रू-ब-रू हुए। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नाश्ता लगाने का आग्रह किया। हालांकि इस दौरान सर्किट हाउस पहुंचने वाले हर शख्स की मुख्यमंत्री ने चाय के साथ मेहमानबाजी की।

सुबह 9: 00 बजे

सर्किट हाउस के चौकीदार ज्ञान चंद ने सीएम के टेबल पर पांच लोगों का नाश्ता लगा दिया। ब्रेकफास्ट में मुख्यमंत्री की पसंदीदा सब्जी घिया-तोरी और भिंडी के साथ सादी चपातियां परोसी गईं। इसके अलावा ऑमलेट तथा दहीं टेबल पर था। दो चपातियां और दलिया के साथ उन्होंने अंगूर तथा पपीता लिया।

सुबह 9: 30 बजे

ब्रेकफास्ट के बाद मुख्यमंत्री ने दूरभाष पर धर्मपत्नी से बात की। संयोगवश इस दिन उनका जन्मदिन भी था। हालांकि मुख्यमंत्री उन्हें बर्थ-डे विशिज सोमवार की सुबह दे चुके थे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार का कुशलक्षेम पूछने के अलावा मैडम साधना से विस्तार से बातचीत भी की। इसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री एक टीवी चैनल के इंटरव्यू के लिए बाहर गार्डन में आ गए।

सुबह 10: 00 बजे

अपने चुनावी प्रचार के लिए सीएम का काफिला सर्किट हाउस कंगनीधार पहुंच गया। करीब पांच मिनट बाद पहुंचे चौपर की देरी का समय भी उन्होंने जाया नहीं होने दिया। इस दौरान सीएम ने कंगनीधार के निर्माणाधीन कार्य का जायजा लिया। इसी बीच कंगनी धार पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों से भी मुख्यमंत्री ने गुफ्तगू की।

कुन्नू से आठ किमी का सफर

करसोग की जनसभा से वापस कुन्नू हेलिपैड का आठ किलोमीटर का सफर सड़क मार्ग से तय किया गया। इस सड़क मार्ग का अधिकतर हिस्सा कच्चा होने के कारण करीब आधा घंटा हेलिपैड तक पहुंचने में लग गया।इस दौरान मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे का शिकार बने सराज घाटी के मृत्तकों के परिजनों से बात की। इस हादसे में घायल हुए हेमराज से भी मुख्यमंत्री ने बात की। सुंदरनगर में उपचाराधीन हेमराज के परिजनों  से भी मुख्यमंत्री ने कुशलक्षेम पूछा। अहम है कि मुख्यमंत्री ने अस्पताल के डा. पियूष को दूरभाष पर आदेश दिए कि घायल की पल-पल की जानकारी उन्हें दी जाए। इसके अलावा उन्होंने सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल को अस्पताल पहुंचकर घायल की सहायता के लिए कहा।

इसी सफर के दौरान मुख्यमंत्री ने दूसरा फोन हिमाचल पुलिस महानिदेशक एसआर मरड़ी को किया। मीडिया पर आधारित महिला अपराधों की खबरों पर सीएम ने डीजीपी से जवाब-तलब किया। सीएम ने कहा कि हर मामले में निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। किसी भी दोषी को किसी सूरत में बख्शा न जाए। इसी संदर्भ में मुख्यमंत्री ने अगला फोन एसपी बिलासपुर अशोक कुमार को घुमाया। सीएम ने एसपी बिलासपुर को भी फेयर इन्क्वायरी के आदेश जारी किए।

करसोग में जलवा

सराज घाटी के करसोग में जनता का उमड़ा हुजूम देखने वाला था। इस जनसभा में महिलाआें की संख्या मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पहाड़ का कद्दावर नेता प्रमाणित कर रही थी। इन जनसभा में पंडित सुखराम का परिवार सीएम के निशाने पर रहा। उन्होंने केंद्र तथा प्रदेश की उपलब्धियों को भुनाते हुए गांधी परिवार को आड़े हाथ लिया।

डैहर में रोड शो के बाद गरजे

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की पहली जनसभा सुदंरनगर के डैहर में थी। चौपर से डैहर पहुंचे जयराम ठाकुर ने रोड शो में हिस्सा लिया। खुली जीप में सवार मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताआें का जमकर हौंसला बढ़ाया। इसके बाद उन्होंने चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए सुदंरनगर के विधायक राकेश जम्वाल की जमकर सराहना की। सीएम ने उपस्थित समूह से रिकॉर्ड बढ़त की मांग करते हुए सुदंरनगर के विकास को पंख लगाने का वादा किया।

राहुल गांधी निशाने पर

डैहर की जनसभा में कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि अब कोई अपने बच्चे का नाम पप्पू रखना नहीं चाह रहा है। सीएम ने कहा कि यह नाम बहुत प्यारा है, लेकिन राहुल गांधी से अब यह नाम चुंबक की तरह जुड़ गया है। इस कारण अब मां-बाप अपने बच्चों का  नाम पप्पू रखने से परहेज कर रहे हैं। डैहर के बाद मुख्यमंत्री अपनी दूसरी प्रस्तावित जनसभा करसोग के लिए रवाना हो गए।

विशेष बातचीत..

कुल्लू के नगवाईं स्थित एनएचपीसी रेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से हुई विशेष बातचीत के प्रमुख अंश

ग्रामीणों ने दिया पैक्ड लंच

कुन्नू हेलिपैड पहुंचने पर मुख्यमंत्री का घाटी के लोगों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। जनता तथा सीएम के बीच अपनत्व का भाव साफ देखने को मिल रहा था। इस दौरान ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के लिए पैक्ड लंच की व्यवस्था भी की थी। लिहाजा हेलिपैड पर हैंडवॉश के बाद मुख्यमंत्री ने चौपर की उड़ान के साथ अपना हल्का लंच भी लिया। रोचक है कि गांव के लोगों ने सीएम के लिए गुच्छी तथा भिंडी की सब्जी चपाती के साथ भेजी थी। एक डिब्बे में दो आम के पीस थे। सलाद के रूप में खीरा तथा टमाटर शामिल था। लंच के दौरान ही सीएम का चौपर सराज घाटी से कुल्लू वैली के लिए कूच कर चुका था। इसी बीच चौपर सीएम के तांदी गांव से गुजर रहा था। यह देखकर सीएम बेहद रोमांचित हो उठे। कुछ समय बाद पिकनिक स्पॉट थाची में पर्यटकों की भीड़ मुख्यमंत्री को अपनी तरफ खींच रही थी। थोड़ी देर बाद चौपर भुंतर एयरपोर्ट पर लैंड कर गया।

शांता के साथ कॉफी

एयरपोर्ट पहुंचे सीएम को पार्टी के वरिष्ठ नेता शांता कुमार के आने की सूचना मिली। इसके चलते तीन बजे एयरपोर्ट पहुंचे सीएम ने शांता कुमार के पहुंचने का इंतजार किया। उनके साथ कॉफी लेने के बाद मुख्यमंत्री बंजार घाटी के गड़सा में आयोजित जनसभा के लिए पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने इन जनसभा में भी राष्ट्रीय मुद्दों को भुनाया। हालांकि सीएम ने भाजपा की डेढ़ साल की उपलब्धियों का गुणगान किया। वापसी के दौरान मुख्यमंत्री ने पार्टी पदाधिकारियों से हिमाचल के चारों लोकसभा क्षेत्रों की विस्तार से फीडबैक ली।

बिना केक पार्टी सादगी से सेलिब्रेट किया धर्मपत्नी का बर्थ-डे

नगवाईं रेस्ट हाउस में कार्यकर्ताआें से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री को दूसरी बार धर्मपत्नी डा. साधना का फोन आया। इस दौरान मुख्यमंत्री को पता चला कि देर सायं डा. साधना भी कुल्लू के लिए रवाना हुई हैं। इसके चलते डा. साधना ने अपना जन्मदिन बिना किसी केक पार्टी के सादगी भरा सीएम के साथ नगवाईं में मनाया। रात 10 बजे उन्होंने पत्नी व पार्टी नेताआें सहित डिनर किया।

पार्टी वर्कर के साथ डिनर

अपनी अंतिम जनसभा के बाद शाम छह बजे एनएचपीसी रेस्ट हाउस नगवाईं में रात्रि ठहराव के लिए पहुंचे सीएम पार्टी कार्यकर्ताआें से घिर गए। एक बार फिर अपनी सादगी का परिचय देते हुए मुख्यमंत्री ने वीआईपी सूईट में आराम करने की बजाय अपना दरबार रेस्ट हाउस के बाहर लगा दिया। इस दौरान परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी और कुल्लू जिला के पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे। मुख्यमंत्री हर पार्टी कार्यकर्ता का व्यक्तिगत रूप से हाल पूछते नजर आए।

— कौन बनेंगे नए मंत्री?

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनावों के बाद मंत्रिमंडल में दो नए चेहरों की ताजपोशी प्रस्तावित है। इसके लिए दावेदार विधायकों  की लोकसभा चुनावों में परफोर्मेंस को पैरामीटर बनाया गया है। इसके अलावा नए मंत्रियों के लिए क्षेत्रीय समीकरणों को भी प्राथमिकता मिलेगी। मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि कैबिनेट के विस्तार में कांगड़ा तथा मंडी की लॉटरी संभावित है।

मंत्रियों के विभागों में फेरबदल संभव?

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा फोकस लोकसभा चुनावों पर है। इसके बाद रिसफलिंग की संभावना विकल्प के रुप में खुली हैं। डेढ़ साल की परफोर्मेंस के आधार पर मंत्रियों के विभागों में फेरबदल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अनिल शर्मा कैबिनेट से बाहर हुए हैं। किशन कपूर के स्थान पर दूसरे मंत्री का पद भरा जाना है। इस कारण मंत्रियों के विभागों में फेरबदल होना स्वभाविक है।

नए अंदाज में दिखेंगे सीएम।

लोकसभा चुनावों के बाद मुख्यमंत्री नए अंदाज में दिख सकते हैं। सीएम ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि शराफत मेरे व्यवहार का हिस्सा है। किसी को डंडे मारकर या लताड़ कर काम करवाना मेरे स्वभाव में नहीं है। इस कारण मैं सादगी से पेश आता हूं। सीएम का कहना है कि इस शराफत के बावजूद कई लोग बार-बार बोलने पर सुधार नहीं करते हैं। उनके लिए चुनावों के बाद टॉनिक लेकर आ रहा हूं। मुख्यमंत्री का इशारा मंत्री-विधायकों और आला अफसरशाही की तरफ था।

मोदी मैजिक बरकरार…..

सीएम का कहना है कि वर्ष 2014 के मुकाबले इस बार हिमाचल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जबरदस्त लहर है। हिमाचल का वोटर बेहद जागरूक है। केंद्र की मोदी सरकार के कामों की हिमाचल में जबरदस्त सराहना हो रही है। इसके अलावा राष्ट्रीय छवि के दम पर हिमाचल की पहली पसंद मोदी बने हैं। इस कारण इस बार चारों सीटों पर जीत का अंतर पिछले लोकसभा चुनावों के मुकाबले अधिक होगा।  इसके अलावा जयराम ठाकुर हिमाचल सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल को अभूतपूर्व बताकर अपनी उपलब्धियों को भुना रहे हैं।

दादू और पप्पू पर चुटकी!

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर हिमाचल सरकार की उपलब्धियों को चुनावों में भुना रहे हैं। इसके लिए वह पेंशन योजना, गृहिणी योजना, हिमकेयर तथा जनमंच सहित सभी योजनाआें का जमकर प्रचार कर रहे हैं। विरोधियों पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री दादू तथा पप्पू के नाम को खूब प्रचारित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री इन दोनों नामों का हर जनसभा में प्रयोग कर उपस्थित समूह को ठहाके लगा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App