सुरजेवाला का आरोप, मोदी सरकार ने कर्ज में डुबोया देश

By: May 1st, 2019 12:02 am

नई दिल्ली। कांग्रेस ने मोदी सरकार पर देश को कर्ज में डुबोने का आरोप लगाते हुए कहा है कि पिछले पांच साल में उसके आर्थिक कुप्रबंधन के कारण नागरिकों पर कर्ज का बोझ 57 प्रतिशत से ज्यादा बढ़कर 90 लाख करोड़ रुपए पहुंच गया है। कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि वित्त मंत्रालय के एक आंकड़े के अनुसार मार्च, 2014 के बाद 30 लाख 28 हजार 945 करोड़ का अतिरिक्त कर्ज लेकर देश की जनता को कर्ज में डुबोया गया है। मार्च, 2014 तक देश पर 53 लाख 11 हजार 081 करोड़ रुपए का कर्ज था, लेकिन दिसंबर, 2018 तक यह कर्ज 57 प्रतिशत बढ़कर 83 लाख 40 हजार 026 करोड़ रुपए हो गया है। पांच साल में मोदी सरकार ने जितना कर्ज लिया है पहले कभी किसी सरकार ने इतना कर्ज नहीं लिया। इस कर्ज पर ब्याज की भी बड़ी रकम चुकानी होगी और इस तरह से देश को कंगाल बना दिया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App