23 को हो जाएगी भाजपा की विदाई

By: May 9th, 2019 12:05 am

सुंडला, तीसा –  पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा है कि विकास का दूसरा नाम ही कांग्रेस है। देश में अब तक हुआ विकास कांग्रेस की देन है। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या सारा विकास पांच वर्षों में ही हुआ है। भाजपा देश के लोगों को जाति व धर्म के नाम पर बांटकर राजनीतिक कर रही है, मगर भाजपा को अपनी इन कारागुजारियों की लोकसभा चुनावों में भारी कीमत चुकानी होगी।  वीरभद्र सिंह ने कहा कि 23 मई को भाजपा के दोबारा से केंद्र की सत्ता पर काबिज होने का सपने का हश्र मुंगेरी लाल के हसीन सपने वाला होगा। वीरभद्र सिंह बुधवार को कांगड़ा-चंबा संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी पवन काजल के पक्ष में सुंडला व भंजराडू में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने पांच वर्ष जुमलेबाजी में ही काट दिए। चुनावों के समय बडे़-बडे़ वादे कर देश की सत्ता संभालने वाली भाजपा सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई है। पूरे देश में भाजपा विरोधी लहर है। वीरभद्र सिंह ने 23 मई को केंद्र की सत्ता से भाजपा की विदाई तय है। वीरभद्र सिंह ने पवन काजल को एक ईमानदार व स्वच्छ छवि का उम्मीदवार करार दिया। उन्होंने लोगों से पवन काजल के पक्ष में मतदान कर उन्हें भारी मतों से जीत दिलवाकर संसद पहुंचाने का आह़वान भी किया। इससे पहले पवन काजल ने भी भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। जनसभा को डलहौजी की विधायक आशा कुमारी, पूर्व वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, कुलदीप सिंह पठानिया व सुरेंद्र भारद्वाज ने भी संबोधित किया। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी प्रधान नीरज नैयर, इंटक के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बाबा हरदीप सिंह, जिप सदस्य धर्म सिंह पठानिया, कमल ठाकुर व अमर चंद शर्मा और युवा कांग्रेस डलहौजी के अध्यक्ष अमित शर्मा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App