आज तूफान के साथ ओलावृष्टि
मौसम में करवट से तापमान में गिरावट, ऊना का पारा अभी भी 40 के पार
शिमला – मौसम में करवट आने के साथ ही प्रदेश के तापमान में गिरावट रिकार्ड की गई है। तापमान में गिरावट से लोगों ने भीषण गर्मी से कुछ हद तक राहत की सांस ली है। पहाड़ों पर फिर से मौसम खुशनुमा हो गया है, लेकिन राज्य के मैदानी इलाकों में अभी भी गर्मी पसीने छुड़ा रही है। हालांकि हमीरपुर व बिलासपुर के अधिकतम तापमान में अभी भी वृद्धि दर्ज की गई है, लेकिन शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान में गिरावट आई है। चंबा के अधिकतम तापमान में सर्वाधिक आठ डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कुछ जगह बारिश, तूफान व ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की है। इन क्षेत्रों में 13 व 14 मई को भी यह सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में 16 मई तक मौसम खराब रहेगा। शुक्रवार को सुबह से ही आसमान में काले बादल घिरे हुए थे। राजधानी शिमला में सुबह हल्की बूंदाबांदी भी हुई, लेकिन इसके बाद मौसम साफ रहा। शाम को ठंडी हवाएं चलने से अधिकतम तापमान में कुछ गिरावट रिकार्ड की गई है। चंबा के अधिकतम तापमान में जहां आठ डिग्री तक की गिरावट आई है, वहीं भुंतर व डलहौजी में पारा चार डिग्री तक लुढ़का है। कांगड़ा के तापमान में तीन, कल्पा व धर्मशाला के तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट आई है। ऊना का तापमान 40.3 डिग्री रिकार्ड किया गया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में तूफान की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा या इससे अधिक हो सकती है।
शहर अधिकतम न्यूनतम
शिमला 26.6 16.4
सुंदरनगर 36.1 16.5
भुंतर 31.0 12.0
कल्पा 21.7 7.4
धर्मशाला 28.6 17.4
ऊना 40.3 16.6
सोलन 32.5 16.4
शहर अधिकतम न्यूनतम
नाहन 34.8 20.7
केलांग 18.2 5.0
कांगड़ा 34.4 19.8
बिलासपुर 39.0 17.6
हमीरपुर 38.2 17.0
चंबा 28.0 15.0
डलहौजी 18.9 16.6
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App