आईएएस केशनी आनंद होंगी हरियाणा की नई सचिव

By: Jun 26th, 2019 12:01 am

पंचकूला -हरियाणा की नई मुख्य सचिव आईएएस केशनी आनंद अरोड़ा होंगी। 1983 बैच की आईएएस अधिकारी अरोड़ा को प्रदेश का 33वां मुख्य सचिव (सीएस) बनने का गौरव प्राप्त होगा। संभवत वह पहली जुलाई को नया पदभार ग्रहण करेंगी। वर्तमान मुख्य सचिव डीएस ढेसी 30 जून 2019 को रिटायर हो रहे हैं। वह 31 दिसंबर 2014 को हरियाणा के 32वें मुख्य सचिव बने थे। उन्हें सेवा विस्तार मिलने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन सोमवार को उन पर विराम लग गया। हरियाणा आईएएस एसोसिएशन ने मुख्य सचिव डीएस ढेसी की विदाई पार्टी रख दी है। एसोसिएशन ढेसी को 30 जून को ही विदाई पार्टी देगी। सूत्रों के अनुसार डी एस ढेसी सेवा का अधिकार आयोग में मुख्य आयुक्त लगाए जा सकते हैं। उनकी गिनती मुख्यमंत्री मनोहर लाल के करीबियों में होती है। नई मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा अभी राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं। ढेसी के बाद वह सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी हैं। इसलिए वरिष्ठता अनुसार केशनी ही मुख्य सचिव पद की प्रमुख दावेदार थीं। खास बात यह है कि केशनी आनंद अरोड़ा को दो बहनें भी हरियाणा की मुख्य सचिव रह चुकी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App