आज कहीं-कहीं बारिश,ओलावृष्टि

By: Jun 17th, 2019 12:03 am

विभाग का पूर्वानुमान, मैदानों के साथ मध्यम क्षेत्रों में करवट लेगा मौसम

शिमला  —हिमाचल में आसमान से बरस रही भीषण गर्मी पर मौसम की करवट कुछ हद तक की राहत लेकर आई है। आसमान में घिरे काले बादलों व ठंडी हवाओं के चलने से अधिकतम तापमान में एकाएक भारी गिरावट आई है। अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई है। तापमान में गिरावट आने से जनता ने प्रचंड गर्मी से कुछ हद तक की राहत ली है। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रोें में सोमवार को भी बारिश, तूफान और ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की है। राज्य में 20 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान तापमान में और गिरावट आने की उम्मीदें लगाई जा रही है, जबकि राज्य में 21 व 22 जून को मौसम फिर से साफ  बना रहेगा। तपते हिमाचल में रविवार को मौसम के मिजाज बदले नजर आए। आसमान में काले बादल घिरे नजर आए। वहीं राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में दिन के समय ठंडी हवाएं चली। ठंडी हवाओं के प्रवाह से अधिकतम तापमान में एक से पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट रिकार्ड की गई। राज्य में भीषण गर्मी की मार झेल रहे ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और हमीरपुर के अधिकतम तापमान मे पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। ऊना का तापमान 43 डिग्री से लुढ़क कर 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, कांगड़ा, बिलासपुर व हमीरपुर का तापमान भी 35 डिग्री के करीब पहुंच गया है। वहीं चंबा, सुंदरनगर, डलहौजी और शिमला के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की  गिरावट आई है। मौसम में करवट आने के बाद राज्य भर मे जनता ने प्रचंड गर्मी से काफी हद तक की राहत ली है। ऐसे में यदि अगामी दिनों के दौरान बारिश व ओेलावृष्टि होती है, तोे जनता को गर्मी से ओर राहत मिल सकती है। अधिकतम तापमान के साथ-साथ राज्य के कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान भी लुढ़का है।  मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाईर् वाले क्षेत्रों में सोमवार को कुछ स्थानों पर बारिश, तूफान व ओलावृष्टि होगी। समूचे प्रदेश में 20 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App