इन्वेस्टर मीट में आएगा नीदरलैंड्स

By: Jun 14th, 2019 12:03 am

स्वीकार किया मुख्यमंत्री का निमंत्रण, धर्मशाला में सात और आठ नवंबर को होगा आयोजन

नीदरलैंड्स के एमस्टर्डम में कृषि और खाद्य गुणवत्ता मंत्रालय के महासचिव जैन कीस गोएट से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। इस दौरान कई मसलों पर चर्चा हुई

शिमला – धर्मशाला में प्रस्तावित जयराम सरकार की ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में नीदरलैंड्स का मंत्रालय हिस्सा लेगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के निमंत्रण को स्वीकार करते हुए नीदरलैंड्स के जनरल सेक्रेटरी जेन-कीस गोएट ने इसका ऐलान किया है। धर्मशाला में सात और आठ नवंबर को इन्वेस्टर मीट का आयोजन होगा, जिसकी तारीख गुरुवार को तय कर दी गई। उधर, मुख्यमंत्री और एवं उनका प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को  नीदरलैंड्स पहुंचा। इस दौरान एमस्टर्डम में कृषि, प्रकृति और खाद्य गुणवत्ता मंत्रालय के महासचिव जेन-कीस गोएट से इन्वेस्टर मीट पर मंत्रणा हुई। इसमें कृषि, बागबानी एवं संबद्ध क्षेत्रों में सहयोग पर दोनों पक्षों की चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने महासचिव को हिमाचल में फलोत्पादन के लिए प्रकृति द्वारा प्रदान की गई व्यापक क्षमताओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हिमाचल को भारत का ‘फल राज्य’ कहा जाता है तथा यहां जलवायु विविधता होने के कारण विभिन्न प्रकार के फलों का उत्पादन होता है। उन्होंने कहा कि यहां फल एवं खाद्यान प्रसंस्करण में व्यापक निवेश की संभावनाएं हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि नीदरलैंड ने जल प्रबंधन और कृषि तथा बागबानी में कम भूमि का उपयोग करके उन्नत पद्धतियों को अपनाया है, जो हिमाचल जैसे राज्य के लिए बहुत फायदेमंद साबित हो सकती हैं। उन्होंने दिल्ली में तीन-चार नवंबर को ‘वर्ल्ड फूड एक्सपो’ के तुरंत बाद नवंबर 2019 में धर्मशाला में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में नीदरलैंड के महासचिव और उनके मंत्रालय को आमंत्रित किया। कृषि, प्रकृति और खाद्य गुणवत्ता मंत्रालय के महासचिव जेन-कीस गोएट ने कहा कि नीदरलैंड्स ने तीन मुख्य हितधारकों अर्थात सरकार, अनुसंधान केंद्रों और कृषि व्यवसायों के बीच सहयोग का सुनहरा त्रिकोण बनाया है। उन्होंने ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट में भाग लेने के लिए मुख्यमंत्री के निमंत्रण को भी स्वीकार किया। इसके उपरांत, मुख्यमंत्री ने दक्षिण हालैंड के आयुक्त, प्रोविंशियुइस, जुइद हॉलैंडलान, दि हॉग जाप स्मिट के साथ कृषि और बागबानी के क्षेत्र में सहयोग पर चर्चा की। जाप स्मिट ने धर्मशाला में आयोजित की जाने वाली पहली ग्लोबल इन्वेस्टर्स मीट के आयोजन में सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने भी एमस्टर्डम आरएआई में ग्रीनटेक प्रदर्शनी का अवलोकन किया, जो विश्व की सबसे बड़ी ग्रीनटेक बागबानी आधारित प्रदर्शनी है। मुख्यमंत्री ने इस प्रदर्शनी में गहरी रुचि दिखाई। उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह, नीदरलैंड्स में भारत के राजदूत वेणु राजामोनी, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं प्रधान सचिव डा. श्रीकांत बाल्दी, अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग मनोज कुमार, निदेशक उद्योग हंस राज शर्मा, विशेष सचिव आबिद हुसैन सादिक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

वैगनिंगन विश्वविद्यालय पहुंचे सीएम

वैगनिंगन विश्वविद्यालय के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर

शिमला – मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को कटान/तोड़ान के बाद विश्वविद्यालय में कृषि कार्य पर हो रहे अनुसंधान को समझने के लिए नीदरलैंड के विश्व प्रसिद्ध वैगनिंगन विश्वविद्यालय का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैगनिंगन विश्वविद्यालय पहले से ही हिमाचल प्रदेश में नियंत्रित वातावरण भंडारण (सीए स्टोर) के क्षेत्र में कुछ परियोजनाएं कार्यान्वित कर रहा है। इस दौरे में संभावित सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App