ऊना पहुंचने पर मंत्री अनुराग का करेंगे जोरदार स्वागत

By: Jun 1st, 2019 12:05 am

ऊना—हमीरपुर से सांसद अनुराग ठाकुर को केंद्र सरकार में मंत्रिमंडल में राज्य मंत्री बनाए जाने पर जिला ऊना भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का धन्यवाद किया है। जिला भाजपा अध्यक्ष बलबीर सिंह बग्गा, जिला भाजपा महामंत्री यशपाल राणा, बीके चौधरी, राज कुमार पठानिया, बलविंद्र गोलडी,जिला भाजयुमो अध्यक्ष बलराम बबलू, कुटलैहड़ भाजपा अध्यक्ष मनोहर लाल, चितंपूर्णी भाजपा अध्यक्ष शाम मिन्हास, गगरेट भाजपा अध्यक्ष राममूर्ति, हरोली भाजपा अध्यक्ष जसविंद्र गोगा व ऊना मंडल भाजपा अध्यक्ष रमेश भड़ोलियां ने एक संयुक्त बयान में अनुराग ठाकुर को वित्त एवं कारपोरेट मामलों मंत्रालयों का राज्य मंत्री बनाए जाने पर बधाई देते हुए कहा कि ऊना पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र आने पर मैहतपुर पहुंचते ही ढोल नगाड़ों से अनुराग का जोरदार स्वागत किया जाएगा। जिला ऊना के नेताओं ने कहा कि भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के लोगों से बिलासपुर की एक जनसभा में अनुराग ठाकुर को बड़ा नेता बनाने का वादा किया था, जिसे उन्होंने पूरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल प्रदेश के साथ एक विशेष लगाव रहा है। पार्टी में विभिन्न पदों पर रहते हुए मोदी देवभूमि के कोने-कोने से परिचित हैं। ऐसे में अनुराग ठाकुर को वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचलवासियों को देश के राजनीतिक मानचित्र पर उचित सम्मान प्रदान किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App