एक नजर

By: Jun 8th, 2019 12:01 am

अयोध्या में राष्ट्रपति पुरस्कार वाले श्रीराम

अयोध्या। लोकसभा चुनाव में यूपी में बड़ी जीत के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को पहली बार राम की नगरी अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने अयोध्या शोध संस्थान में सात फुट ऊंची कोदंड राम की प्रतिमा का अनावरण किया। बता दें कि सात फुट की इस प्रतिमा को राष्ट्रपति पुरस्कार से भी नवाजा जा चुका है। इसे संस्थान के शिल्प संग्रहालय में स्थापित किया जाएगा। जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपालदास के 81वें जन्मोत्सव समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे सीएम ने भगवान राम की प्रतिमा का अनावरण किया।

लापता विमान की तलाश के लिए अभियान जारी

नई दिल्ली। अरुणाचल प्रदेश में लापता वायु सेना के परिवहन विमान ए एन-32 की तलाश के लिए लगातार पांचवें दिन तलाशी अभियान जारी है, लेकिन विमान के बारे में किसी तरह का सुराग नहीं मिला है। शुक्रवार सुबह आठ बजे सबसे पहले नौसेना के लंबी दूरी के टोही विमान पी-8 आई ने विमान लापता होने के संभावित क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरी। इसके बाद वायु सेना के आधुनिकतम और विशालकाय परिवहन विमान सी-130 जे ने भी क्षेत्र के ऊपर तलाशी उड़ान भरी।

अमरीकी युद्धपोत-रूसी जहाज आमने-सामने

मॉस्को। रूसी पनडुब्बी रोधी जहाज एडमिरल विनोग्रादोव पूर्वी चीन सागर में शुक्रवार को अमेरिकी युद्धपोत चांसेलस्र विले से टक्कर होने से बच गया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने बताया कि शुक्रवार सुबह 06ः35 बजे दोनों युद्धपोत आमने-सामने आ गए हालांकि रूसी चालक दल से तुरंत जहाज की दिशा बदलकर टक्कर होने से रोक लिया।

आतिशी की मानहानि मामले में जमानत मंजूर

नई दिल्ली। राजधानी की एक अदालत ने आम आदमी पार्टी नेता आतिशी और अन्य की उस टिप्पणी के मामले में शुक्रवार को जमानत मंजूर कर ली, जिसमें उन्होंने कहा था कि दिल्ली में मतदाता सूचियों से मतदाताओं के नाम भारतीय जनता पार्टी की शह पर काटे गए हैं। इस मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तथा अन्य के खिलाफ मामला चलाने का आग्रह किया गया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App