एक नजर

By: Jun 16th, 2019 12:01 am

बड़े आपरेशन से हटाया जाएगा एएन-32 विमान

नई दिल्ली। भारतीय वायुसेना तीन जून को अरुणाचल प्रदेश में एएन-32 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद अब दुर्गम वातावरण में इसकी भूमिका को कम करने पर विचार कर रही है। अरुणाचल प्रदेश में एएन 32 विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते तेरह लोगों की मौत हो गई। पिछले 10 वर्षों के दौरान रूसी विमान के दुर्घटना होने की यह तीसरी घटना है। वायुसेना के सीनियर आधिकारिक सूत्र ने बताया कि वायुसेना के लिए सबसे ज्यादा काम आने वाले एएन-32 विमानों को सुरक्षा कारणों के चलते पर्वतीय और सामुद्रिक क्षेत्र की ड्यटी से हटाया जा सकता है।

हवाई अड्डे पर चंद्रबाबू नायडू की तलाशी

विजयवाड़ा। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य में विपक्ष के नेता एन चंद्रबाबू नायडू को शुक्रवार देर रात गन्नवरम हवाई अड्डे पर तलाशी से गुजरना पड़ा। नायडू को विमान तक जाने के लिए वीआईपी सुविधा से भी वंचित कर दिया गया और आम यात्रियों के साथ बस में यात्रा करनी पड़ी। एक सुरक्षा गार्ड को सुरक्षा प्रवेश द्वार पर श्री नायडू की तलाशी लेते देखा गया। तेलुगू देशम पार्टी के प्रमुख को विमान तक वीआईपी वाहन से पहुंचने की अनुमति भी नहीं दी गई। इस घटना पर टीडीपी ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और आरोप लगाया गया कि बीजेपी और वाईएसआर कांग्रेस पार्टी बदले की राजनीति कर रही हैं।

भड़ास निकाली; राजद्रोह केस, फिर हटाई धारा

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में बिजली कटौती से परेशान एक शख्स ने सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ अपनी भड़ास निकाली। जिसके जवाब में पुलिस ने उसे राजद्रोह के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। हालांकि विवाद बढ़ता देख मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मामले में दखल दिया और अब उनके हस्तक्षेप के बाद राजद्रोह की धारा हटा ली गई है।

अयोध्या में हमले की फिराक में आतंकी

अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आतंकी हमले की आशंका के मद्देनजर हाई अलर्ट कर दिया गया है। अधिकृत सूत्रों ने शनिवार को बताया कि अयोध्या में संभावित आतंकी हमले के मद्देनजर विवादित श्रीरामजन्मभूमि समेत समूचे अयोध्या को हाई अलर्ट कर दिया गया है। अयोध्या के चारों तरफ लगे बैरियर पर कड़ी निगरानी के बाद ही वाहनों को प्रवेश दिया जा रहा है। शहर में आने वाले ट्रेनों, बसों की सघन तलाशी भी की जा रही है। होटल, लॉज एवं गेस्ट हाउस पर नजर रखी जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App