कल से शिमला में भाजपा की मेगा मीटिंग

By: Jun 18th, 2019 12:03 am

शिमला —लोकसभा चुनाव में जीत के बाद प्रदेश भाजपा की पहली बैठक 19 और 20 जून को शिमला में होगी। यह बैठक 19 जून को सांय चार बजे शुरू होगी और 20 जून को दोपहर बाद समाप्त होगी। भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बताया कि 19 को होने वाली प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, सभी मोर्चों के प्रदेश अध्यक्ष, संसदीय क्षेत्रों के पालक, संसदीय क्षेत्रों के प्रभारी, सभी जिला प्रभारी, संसदीय क्षेत्रों के संगठन मंत्री व पूर्व संगठन मंत्री भाग लेंगे। इसी प्रकार 20 जून को होने वाली बैठक उपरोक्त श्रेणियों के अतिरिक्त 2017 विधानसभा चुनाव लड़े सभी प्रत्याशी, सभी सांसद, सभी जिलाध्यक्ष व कोर ग्रुप के सदस्य उपस्थित रहेंगे। भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री  प्रेम कुमार धूमल तथा  शांता कुमार जी विशेष रूप से इस बैठक में उपस्थित रहेंगे। सत्ती ने बताया कि बैठक में हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनावों के बारे में चर्चा की जाएगी तथा आगामी छह जुलाई से शुरू होने वाले सदस्यता अभियान की रूपरेखा भी तय की जाएगी। इसके साथ-साथ प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव के लिए भी ठोस रणनीति भी तैयार की जाएगी। धर्मशाला विधानसभा सीट से पूर्व मंत्री किश्न कपूर कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीत गए हैं। इसी तरह से पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे सुरेश कश्यप भी शिमला संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव जीते हैं। ऐसे में धर्मशाला और पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में आगामी छह महीने के भीतर उपचुनाव होना है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App