कांगड़ा में धरी दो चेन स्नेचर

By: Jun 30th, 2019 12:01 am

ब्रजेश्वरी मंदिर में होमगार्ड जवानों की मुस्तैदी से चढ़ी हत्थे

कांगड़ा – शनिवार को ब्रजेश्वरी माता मंदिर कांगड़ा में गृह रक्षक जवानों की मुस्तैदी से दो शातिर महिलाआें को दबोचा गया है। मंदिर में दर्शन करने पहुंची एक महिला के सोने के कंगन पर हाथ साफ कर रही पंजाब से सबंध रखने वाली इन शातिर महिलाआें को रंगे हाथों जवानों ने पकड़ा है। टीम के साथ भीड़ में लूट की वारदात को अंजाम देने पहुंची इनकी दो सदस्य मौके से फरार हो गई। हालांकि गृह रक्षक के जवानों ने दो महिलाआें को पकड़कर पुलिस थाना कांगड़ा के सुपुर्द कर दिया है, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई आरंभ की गई है।  मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह कांगड़ा की ही स्थानीय महिला उर्मिला शर्मा अपने रिश्तेदारों के साथ ब्रजेश्वरी मंदिर में माथा टेकने के लिए आई थी। इस दौरान पंजाब के कीरतपुर से सबंध रखने वाली चार शातिर महिलाएं भी मंदिर में पहुंची। श्रद्धालुआें की भीड़ के बीच शातिर महिलाआें ने मंदिर में अफरा-तफरी का माहौल बना दिया। इसी बीच एक शातिर महिला ने उर्मिला शर्मा द्वारा पहने गए सोने के कंगन को काटना आरंभ कर दिया। श्रद्धालुआें के बीच अफरा-तफरी के बने माहौल को देखकर मंदिर में ड्यूटी पर शाहपुर कंपनी के गृह रक्षक जवान सीआर शर्मा तथा प्रताप वहां पर पहुंच गए। इस दौरान जवानों ने मौके पर शातिर महिला द्वारा साथ खड़ी उर्मिला शर्मा के हाथ में पहने हुए सोने के कंगन को काटने की भनक लग गई। जिस पर उन्होंने आरोपी महिला तथा उसकी एक अन्य साथी महिला को पकड़ लिया जबकि उनकी दो अन्य साथी वहां से भाग गई। ड्यूटी पर तैनात गृह रक्षक जवान सीआर शर्मा ने बताया कि आरोपी महिलाआें की पहचान शमी निवासी कीरतपुर तथा लाजवंती निवासी कीरतपुर के रुप में हुई है। दोनों को पुलिस थाना कांगड़ा के सुपुर्द कर दिया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App