कैलाश मानसरोवर यात्रा

By: Jun 8th, 2019 12:06 am

पवित्र कैलाश मानसरोवर की यात्रा इस बार 8 जून से 8 सितंबर तक शुरू हो रही है। चीन के कब्जे वाले तिब्बत में मौजूद ये पवित्र पर्वत और सरोवर भगवान शिव का निवास स्थान माना जाता है। ये यात्रा बहुत दुर्गम और लंबी होती है। अमूमन 18 से 21 दिनों में ये पूरी होती है। कैलाश मानसरोवर की तरह ही भारत में भी 4 ऐसे पवित्र सरोवर मौजूद हैं, जिनकी यात्रा और इनमें स्नान का शास्त्रों में काफी महत्त्व माना गया है। इन सरोवरों को लेकर कहा जाता है कि इनमें स्नान करने से मनुष्य को निश्चित ही मोक्ष की प्राप्ति होती है।

कैलाश मानसरोवर

पुराणों के अनुसार शिवजी का स्थायी निवास होने के कारण इस स्थान को 12 ज्येतिर्लिंगों में सर्वश्रेष्ठ माना गया है। कैलाश मानसरोवर समुद्र सतह से 22068 फुट ऊंचा है तथा हिमालय के उत्तरी क्षेत्र में  तिब्बत में स्थित है, क्योंकि तिब्बत चीन के अधीन है अतः कैलाश चीन में आता है। मानसरोवर झील से घिरा होना कैलाश पर्वत की धार्मिक महत्ता को और अधिक बढ़ाता है। प्राचीन काल से विभिन्न धर्मों के लिए इस स्थान का विशेष महत्त्व है। इस स्थान से जुड़े विभिन्न मत और लोक कथाएं केवल एक ही सत्य को प्रदर्शित करती हैं कि ईश्वर ही सत्य है, सत्य ही शिव है। इस सरोवर के बारे में कहा जाता है कि यहीं पर माता पार्वती स्नान करती हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार, यह सरोवर ब्रह्माजी के मन से उत्पन्न हुआ था। इस सरोवर के पास ही कैलाश पर्वत है, जो भगवान शिव का निवास स्थान माना जाता है। जिसके कारण इस सरोवर का महत्त्व और भी कई गुना बढ़ जाता है। इस जगह को हिंदू धर्म के साथ-साथ बौद्ध धर्म में भी बहुत पवित्र माना जाता है।

नारायण सरोवर

गुजरात के कच्छ जिले की लखपत तहसील में स्थित यह सरोवर भगवान विष्णु का सरोवर माना जाता है। मान्यता है कि इस सरोवर में स्वयं भगवान विष्णु ने स्नान किया था। कई पुराणों और ग्रंथों में इस सरोवर के महत्त्व का वर्णन पाया जाता है।

पंपा सरोवर

मैसूर के पास स्थित पंपा सरोवर एक ऐतिहासिक स्थल है। हंपी के निकट बसे हुए ग्राम अनेगुंदी को रामायणकालीन किष्किंधा माना जाता है। तुंगभद्रा नदी को पार करने पर अनेगुंदी जाते समय मुख्य मार्ग से कुछ हटकर बायीं ओर पश्चिम दिशा में पंपा सरोवर स्थित है। पंपा सरोवर के निकट पश्चिम में पर्वत के ऊपर कई जीर्णशीर्ण मंदिर दिखाई पड़ते हैं। यहीं पर एक पर्वत है, जहां एक गुफा है, जिसे शबरी की गुफा कहा जाता है। कहते हैं इसी गुफा में शबरी ने भगवान राम को बेर खिलाए थे।

पुष्कर सरोवर

राजस्थान में अजमेर से 14 किमी. की दूरी पर स्थित इस सरोवर के पास भगवान ब्रह्मा जी ने स्वयं यज्ञ किया था। जिसके कारण इस सरोवर को मोक्षदायी माना जाता है। इस सरोवर को लेकर एक यह मान्यता भी प्रचलित है कि भगवान राम ने अपने पिता राजा दशरथ का श्राद्ध भी यहीं पर किया था।

बिंदु सरोवर

अहमदाबाद से उत्तर में 130 किमी. की दूरी पर बसे बिंदु सरोवर को लेकर माना जाता है कि इसी सरोवर के किनारे बैठ कर कर्दम ऋषि ने कई हजार वर्षों तक तपस्या की थी। इस बात का वर्णन कई ग्रंथों और पुराणों में भी पाया जाता है। साथ ही इस जगह को लेकर कहा जाता है कि यहीं पर भगवान परशुराम ने अपनी मां का श्राद्ध किया था।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App