गर्मी से बेहाल हिमाचल पर राहत की फुहार

By: Jun 18th, 2019 12:11 am

सोमवार दोपहर बाद अचानक बदले मौसम के तेवरों ने जनता पर बरसाया रहम

शिमला -तपते हिमाचल पर सोमवार को राहत की फुहारें बरसी हैं। सोमवार दोपहर बाद राज्य के शिमला, कुल्लू व कांगड़ा जिला में तेज हवाओं के साथ बारिश रिकार्ड की गई। धर्मशाला में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई। बारिश व ओलावृष्टि के चलते अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से गर्मी की मार झेल रही जनता ने प्रचंड गर्मी से काफी राहत ली है। मौसम विभाग ने राज्य के मैदानी इलाकों के साथ शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, सिरमौर व चंबा में तूफान के साथ ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। विभाग की मानें तो राज्य भर में 19 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान राज्य के कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी, जबकि 20 से 23 जून तक मौैसम साफ बना रहने की संभावना जताई जा रही है। हिमाचल में सोमवार को दिन की शुरुआत धूप खिलने के साथ हुई थी। राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम साफ बना रहा, मगर दोपहर को आसमान में काले बादल घिरने शुरू हो गए थे। इस दौरान राज्य के शिमला, कुल्लू व धर्मशाला में गर्जन के साथ बारिश हुई। तापमान में गिरावट आने के बाद जनता ने प्रचंड गर्मी से काफी राहत ली है। हालांकि ऊना के तापमान में बीते रविवार के मुकाबले एक डिग्री का उछाल आया है, मगर इसके अलावा समूचे राज्य के तापमान में गिरावट रिकार्ड की गई है। राज्य के शिमला, धर्र्मशाला, सुंदरनगर, कांगड़ा, हमीरपुर व बिलासपुर के तापमान में एक से दो डिग्री की गिरावट आंकी गई है। राज्य के कल्पा, शिमला के जुब्बल व भुंतर में रविवार रात को भी बारिश दर्ज की गई है। बारिश होने से राज्य के अधिकांश क्षेत्रों के अधिकतम तापमान में भी गिरावट आई है। बीते दो दिनों के दौरान राज्य के अधिकतम तापमान में सात से आठ और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट आई है। तापमान में गिरावट आने से राज्य भर में जनता ने गर्मी से राहत ली है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रदेश के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मगंलवार को भी बारिश, तूफान व ओलावृष्टि होगी। राज्य भर में 19 जून तक मौसम खराब बना रहेगा, जबकि 20 से 23 जून तक राज्य में फिर से मौसम साफ रहने की उम्मीद है। मौसम में चल रही करवट से राज्य में आगामी दिनों के दौैरान तापमान में भी उतार-चढ़ाव चलता रहेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App