ठियोग से चुनाव में मिली लीड के लिए सांसद ने जनता को कहा थैंक्स

By: Jun 8th, 2019 12:10 am

ठियोग —शिमला संसदीय क्षेत्र के नवनिर्वाचित सांसद सुरेश कश्यप ने चुनाव जीतने के बाद पहली बार ठियोग आकर ठियोग से चुनाव में मिले भारी जनसमर्थन के लिए तमाम कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा है कि इस विधानसभा क्षेत्र से उम्मीद से भी कहीं ज्यादा लीड चुनाव में मिली है जिसके लिए यहां के वरिष्ठ नेता व सभी कार्यकर्ता बधाई के पात्र हैं। उनके साथ खादी ग्रामोद्योग के उपाध्यक्ष पुरूषोतम गुलेरिया भी विशेष रूप से उपस्थित थे। शुक्रवार को ठियोग के केलवी में आयोजित जठेंजों मेले में बतौर मुख्यअतिथि शिरकत करने से पहले ठियोग में सांसद सुरेश कश्यप का भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया गया। ठियोग विश्रामगृह में कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा ने इस संसदीय क्षेत्र से एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार प्रदेश की चारों सीटें रिकार्ड मतों से जीती है और सभी प्रत्याशी ने तीन लाख से ऊपर जीत दर्ज की है। सुरेश कश्यप ने कहा कि आजादी के बाद यह पहली बार हुआ है कि इस संसदीय क्षेत्र के रोहडू व रेणुका से भाजपा को भारी लीड मिली। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने लोकसभा चुनाव को पंचायत व वार्ड चुनाव की तरह लिया और बूथ स्तर पर मेहनत की जिसका नतीजा ये निकला कि भाजपा की चारों सीटें चुनाव में जीती। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल की भी सराहना की।  इस अवसर पर यहां पर ठियोग भाजपा मंडल के अध्यक्ष दुनीचंद कश्यप प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य दीपराम वर्मा, मंडल महामंत्री संजय वर्मा, ठियोग नप की अध्यक्षा वंदना सूद, पूर्व अध्यक्षा शांता शर्मा, महिला मोर्चा की अध्यक्षा अनिता वर्मा, ज्ञान चंदेल, अनुसूचित जाति मोर्चा जिला महासू के महामंत्री रमेश कमल, सत प्रकाश वर्मा, महेंद्र काल्टा मंडल की उपाध्यक्ष सुशीला शर्मा, सुरेंद्रा खाची, राजेंद्र कश्यप, नंद किशोर के अलावा कई अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App