तीन लाख नए सदस्य बनाएगी प्रदेश भाजपा

By: Jun 24th, 2019 12:05 am

शिमला —प्रदेश भाजपा ने इस बार तीन लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। रविवार को जिला शिमला भाजपा कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा का संगठन पर्व सदस्यता अभियान छह जुलाई से शुरू होगा, जो कि 11 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि 30 जून तक सभी संगठनात्मक जिलों की बैठकें संपन्न होंगी तथा पहली से पांच जुलाई तक सभी मंडलों में सदस्यता अभियान को लेकर बैठकें होगी। उन्होंने कहा कि प्राथमिक सदस्यता के पश्चात सक्त्रिय सदस्यता की जाएगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कोई भी व्यक्ति पार्टी द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 89 80 80 80 80 पर मिस्ड कॉल कर तथा सदस्यता फॉर्म भरकर भाजपा का सदस्य बन सकता है। सत्ती ने कहा कि इस बार भाजपा ने पूर्व सदस्यता की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक सदस्यता करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके तहत लगभग तीन लाख नए सदस्य बनाए जाएंगे। बैठक में शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जिला शिमला के महामंत्री विजय परमार ने बताया कि बैठक का आयोजन भाजपा की छह जुलाई से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान को लेकर किया गया।  जिलाध्यक्ष संजय सूद ने भाजपा अध्यक्ष का स्वागत किया।  रविवार को ही डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर सभी कार्यकर्ताओं ने उन्हें याद किया। पार्टी पदाधिकारियों ने डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पाजंली अर्पित की तथा भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी रवि मेहता ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जीवनी पर प्रकाश डाला। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष एवं सक्षम गुडि़या बोर्ड की चेयरमैन रूपा शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एचआरटीसी के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, प्रदेश कोषाध्यक्ष कपिल देव सूद, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी एवं कैलाश फेडरेशन के चेयरमैन रवि मेहता, पूर्व राज्यसभा सांसद बिमला कश्यप सूद, जिला महामंत्री विजय परमार, प्रमोद ठाकुर, विजय ज्योति सेन, प्रमोद शर्मा अन्य उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App