ध्यान से सुन लो! अभिशाप है नशा

By: Jun 12th, 2019 12:02 am

सुजानपुर मंें नशे के खिलाफ रैली निकाल किया जागरूक; छात्रों ने ऑनलाइन ठगी से बचने, पर्यावरण को बचाने का दिया संदेश

सुजानपुर -नशे के साथ-साथ आज भारत देश ऑनलाइन ठगी का भी शिकार हो रहा है, जो सही बात नहीं है। भारत में अब तक 48000 करोड़ रुपया ऑनलाइन ठगी के जरिए लोगों की जेब से गायब हो चुका है, जो चिंता का विषय है। उक्त शब्द जिला पुलिस अधीक्षक अर्जित सेन ने सुजानपुर पुलिस द्वारा आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कहे। चिल्ड्रन पार्क सुजानपुर में आयोजित नशा हटाओ प्रदेश बचाओ सुजानपुर बचाओ अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चों के साथ-साथ विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य एनजीओ सदस्यों ने भाग लिया। प्रदेश को नशामुक्त बनाने, पर्यावरण का लेबल सही रखने के उद्देश्य से एक जागरूकता रैली भी निकाली गई। इस रैली को अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक रेणु कौशल ने हरी झंडी दी। इस जागरूकता रैली में पूरे शहर के लोगों ने भाग लिया और नशा अभिशाप है, पर्यावरण को बचाना है, ऑनलाइन ठगी से बचना है, के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। इससे पहले सुजानपुर पहुंचे जागरूकता कार्यक्रम के मुख्यातिथि जिला पुलिस अधीक्षक का सुजानपुर थाना प्रभारी सुभाष शास्त्री, तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया, खंड विकास अधिकारी मनीष सोनी, नगर परिषद अध्यक्ष अशोक मेहरा, व्यापार मंडल सुजानपुर के अध्यक्ष शैलेंद्र गुप्ता के साथ-साथ गणमान्य लोगों ने स्वागत किया। इस मौके पर भाषण प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें लड़कियों ने दमदार प्रस्तुति देकर नशे पर चोट करते हुए लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर महाराजा संसार चंद राजकीय विद्यालय, डीएवी स्कूल आलमपुर, हिमाचल पब्लिक स्कूल सुजानपुर, शिशु निकेतन स्कूल सुजानपुर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सुजानपुर के साथ-साथ अन्य स्कूलों के बच्चों ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App