नवंबर में होगा गीता महोत्सव

By: Jun 11th, 2019 12:01 am

पंचकूला -हरियाणा में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव 2019 का आयोजन आगामी 22 नवंबर से 10 दिसंबर, 2019 तक किया जाएगा। इसके अंतगर्त कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम तीन से आठ दिसंबर तक आयोजित होंगे। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के एक प्रवक्ता ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतगर्त पहली से पांच नवंबर, 2019 के बीच दिल्ली के लाल किला में गीता प्रदर्शनी का शुभारंभ होगा। यह प्रदर्शनी 15 दिनों तक चलेगी। उन्होंने बताया कि तीन से पांच दिसंबर, 2019 तक कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सभागार में गीता विषय पर सेमिनार का आयोजन किया जाएगा और आठ दिसंबर, 2019 को थीम पार्क में करीब 18 हजार बच्चों द्वारा गीता श्लोकों का उच्चारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर से 10 दिसंबर, 2019 तक रोजाना भजन संध्या व गीता आरती का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव के अंतर्गत उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र व स्थानीय एंजेसियों द्वारा गीता विषय पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में प्रसिद्घ भजन गायकों सहित कई जानी मानी हस्तियां शिरकत करेंगी। हरियाणा दिवस के दिन पहली नवंबर को ऑनलाइन महाभारत क्विज का आयोजन किया जाएगा। महोत्सव के दौरान विशाल संत सम्मेलन का आयोजन भी होगा, जिसमें देश-प्रदेश के कोने-कोने से संत पधारेंगे तथा गीता विषय पर जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर, 2019 से 48 कोस की परिधि में गीता टोर्च/ज्योति का आयोजन किया जाएगा जोकि तीन दिसंबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि ब्रह्मसरोवर के तट पर 22 नवंबर से 10 दिसंबर तक अंतरराष्ट्रीय क्राफ्ट मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें दूर-दूर से शिल्पकार आएंगे। उन्होंने बताया कि इस महोत्सव 2019 में जो भी संस्थाएं निःशुल्क भंडारा लगाना चाहती हैं, उन्हें कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड द्वारा निःशुल्क स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके अलावा गीता महोत्सव में विभिन्न तरह की प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा तथा पहली दिसंबर को गीता विषय पर मैराथन का आयोजन किया जाएगा।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App