पर्यावरण बचाने का संदेश

By: Jun 5th, 2019 12:09 am

रैली निकाल लोगों को बताया पर्यावरण का महत्त्व

मंडी। डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जवाहरनगर मंडी में पर्यावरण दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में प्रधानाचार्य केएस गुलेरिया ने शिरकत की। कार्यक्रम वायु प्रदूषण पर आधारित रहा। कार्यक्रम सीनियर विंग एवं जूनियर विंग दो भागों में प्रस्तुत किया गया, जिसमें इको क्लब के सीनियर व जूनियर विद्यार्थियों व अध्यापकों द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए रैली निकली गई। 11वीं, 12वीं और सातवीं-आठवीं के विद्यार्थियों में वायु प्रदूषण पर आधारित भाषण व निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त कक्षा छठी से 12वीं तक पोस्टर मेकिंग, कविता, स्लोगन राइटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। विद्यालय के इको क्लब के इंचार्ज अध्यापिका शैली ने यह जानकारी दी।

जोगिंद्रनगर। आइफ्लेक्स इंटरनेशनल स्कूल धनैतर में विश्व पर्यावरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने चौंतड़ा में एक जागरूकता रैली निकाली व लोगों को पर्यावरण बचाने व पेड़ लगाने का संदेश दिया। पाठशाला प्रधानाचार्या दीपिका वर्मा ने  बच्चों को पर्यावरण के महत्त्व के बारे में बताया गया व बच्चों को पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।

जोगिंद्रनगर। वैदिक वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शानन में पर्यावरण दिवस के उपलक्ष में जागरूकता रैली निकाली गई। इसके अलावा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ का संदेश लोगों को दिया गया। इस अवसर पर स्कूल के निदेशक मेक सिंह ठाकुर जीने पर्यावरण के गिरते स्तर के वास्तविक कारणों के बारे में बच्चों को अवगत कराया और अधिक से अधिक पेड़ लगाने के बारे में  प्रेरित किया।

मंडी। इंडस ग्लोबल स्कूल में विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया, जिसमें प्रार्थना सभा के दौरान कक्षा दूसरी के छात्रों ने नाटक प्रस्तुत किया। स्कूल की विभिन्न कक्षाओं के छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रस्तुतियां दी गईं। इसके उपरांत भाषण, कविता तथा बोर्ड डिस्प्ले सबसे महत्त्वपूर्ण रहा। विद्यालय के प्रधानाचार्य मदन लाल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन से छात्र पर्यावरण की महत्त्वपूर्णता को समझ पाता है तथा भविष्य में पर्यावरण के प्रति संवेदनशील रहता है।

सुंदरनगर। डीएवी पब्लिक स्कूल सुंदरनगर में पर्यावरण दिवस मनाया गया। इस उपलक्ष पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।  कार्यक्रम का विषय वायु प्रदुषण की रोकथाम रहा। तत्पश्चात इको क्लब प्रभारी पूनम सिंह के निर्देशन में इको क्लब के विद्यार्थियों ने पर्यावरण को सुरक्षित रखने हेतु सैनिकों की भूमिका निभाते हुए वायु संरक्षण, जल संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, पौधों के संरक्षण और सवच्छता का संदेश देने हेतु नृत्य प्रस्तुत किया। सातवीं कक्षा के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक द्वारा पर्यावरण को प्रदुषण मुक्त और स्वच्छ रखने का संदेश दिया। बारहवीं कक्षा की छात्रा नितिका ने पर्यावरण दिवस के मौके पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

सुंदरनगर। पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य पर एंजल पब्लिक स्कूल चौगान पुराना बाजार सुंदरनगर में बच्चों के द्वारा पर्यावरण को नुकसान से बचाने की शपथ खाई गई। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्य सरू कौशल ने बताया कि पर्यावरण दिवस के उपलक्ष पर स्कूल में कई तरह की गतिविधियां करवाई गईं, जिसमें बच्चों को पर्यावरण को बचाने के बारे में बताया गया। स्कूल के बच्चों ने इस अवसर पर पौधा रोपण भी किया और स्कूल और उसके आसपास के क्षेत्र की सफाई की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App