पीर भ्याणू लखदाता मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

By: Jun 7th, 2019 12:05 am

शाहतलाई—ग्राम पंचायत हवाण के तहत पड़ने वाले  पीर भ्याणू लखदाता मंदिर में गुरुवार को करीब पांच हजार से भी ज्यादा लोगों ने दर्शन करके लखदाता पीर से आशीर्वाद प्राप्त किया। जेठ महीने में जिला बिलासपुर व साथ लगते मंडी क्षेत्र से कई लोग लखदाता पीर को नई फसल चढ़ाने पहुंचते हैं। इसके चलते गुरुवार को भी मंदिर में हजारों की तादाद में भीड़ जुटी रही। लोगों को मंदिर में चार-चार घंटे लंबी लाइनों में खड़े होना पड़ा। हालांकि मंदिर में उचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को अधिक समस्या झेलनी पड़ी। उल्लेखनीय है कि उपरोक्त मंदिर की देख-रेख साथ लगते गांव के ही 15 परिवार वर्तमान में कर रहे हैं। पुजारियों का मानना है कि  प्राचीन काल में लखदाता पीर जी यहां पर आए थे और उसके बाद इनका डेरा इस स्थान पर है। इसके चलते हर गुरुवार को हजार श्रद्धालु यहां पर पहुंचते हैं। बता दें कि ऊंची पहाड़ी पर स्थित पीर भ्याणू मंदिर के लिए मुख्य मार्ग से बने हुए दो किलोमीटर संपर्क सड़क पर भी भीड़ अधिक होने से हमेशा ही जाम लगा रहता है, जिस कारण श्रद्धालुओं का दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। श्रद्धालुओं ने सरकार व प्रशासन से गुहार लगाई है कि उपरोक्त स्थल पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं के लिए उचित व्यवस्था मुहैया की जाए।  गुरुवार को सरकाघाट निवासी कनिष्ठ अजय कपूर द्वारा भंडारे का भी आयोजन किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App