प्रदेश में आज से बारिश-तूफान

By: Jun 3rd, 2019 12:04 am

विभाग ने जारी की चेतावनी, आठ जून तक जारी रहेगा दौर

शिमला  —हिमाचल प्रदेश में सप्ताह भर मौसम फिर से कड़े तेवर दिखा सकता है। मौसम विभाग ने राज्य में तीन से आठ जून तक मौसम के मिजाज बदलने का पूर्वानुमान लगाया है। इस दौरान राज्य के  मैदानी इलाकों के साथ-साथ शिमला, कुल्लू, मंडी, सोलन, चंबा और सिरमौैर में चार से छह जून तक बारिश और तूफान चलेगा। विभाग ने इन क्षेत्रों में तीन दिन तक बारिश व तूफान चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा राज्य के कुछ क्षेत्रों पर आठ जून तक बारिश होगी। रविवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम साफ बना रहा, मगर दोपहर बाद आसमान में काले बादलों के घिरने से और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट रिकार्ड की गई। अधिकतम तापमान में एक से तीन डिग्री तक की गिरावट आंकी गई है।  नाहन के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा ऊना, शिमला, सोलन, बिलासपुर, डलहौजी और भुंतर के तापमान में दो डिग्री तक की गिरावट आई है। हालांकि तापमान में गिरावट आने से पहाड़ों पर जनता ने गर्मी से कुछ हद तक की राहत की सांस ली है, मगर राज्य के मैदानी इलाकों में अभी भी गर्मी का प्रचंड प्रकोप जारी है। खासतौर पर राज्य के ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर व कांगड़ा में जनता को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। गर्मी होने के चलते राज्य के इन क्षेत्रोें में दिन के समय लोग घरों में कैद हो कर रह गए हैं। इसके अलावा शनिवार शाम के समय राज्य के मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों सहित मैदानी इलाकों में हल्की बारिश रिकार्ड की गई थी। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के निदेशक  डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि समूचे राज्य में आठ जून तक मौसम खराब बना रहेगा। राज्य के मैदानी इलाकों सहित मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में चार से छह जून तक बारिश व तूफान चलेगा।

कहां, कितना तापमान

शहर       अधिकतम न्यूनतम

शिमला    27.7       15.5

सुंदरनगर  38.2       19.1

भुंतर       35.8       14.4

कल्पा     23.7       10.1

धर्मशाला  —        18.6

ऊना       42.6      21.5

सोलन     34.5       17.5

नाहन      35.8       23.4

केलांग     22.5       8.0

कांगड़ा    38.0      22.4

बिलासपुर 41.0      22.4

हमीरपुर   39.1      22.0

चंबा       35.0      17.0

डलहौजी  23.0      19.2


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App