प्री-मानसून से भीगा हिमाचल

By: Jun 25th, 2019 12:12 am

पिछले साल के मुकाबले तीन दिन पहले बरसी फुहारें, गर्मी से राहत

शिमला -हिमाचल प्रदेश में सोमवार को प्री-मानसून की फुहारें बरसीं। हिमाचल में  प्री-मानसून बीते साल के मुकाबले तीन दिन जल्द पहुंचा है। गर्मी से तप रहे हिमाचल में प्री-मानसून की पहली बौछारें राहत लेकर आई हैं। बारिश से तापमान में गिरावट आई है। विभाग की मानें तो राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में 30 जून तक बारिश का दौर जारी रहेगा, जबकि उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 28 जून के बाद मौसम साफ हो जाएगा। हिमाचल प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में सोमवार दोपहर बाद बारिश हुई। राजधानी शिमला में मूसलाधार बारिश रिकार्ड की गई। मौसम विभाग ने इन फुहारों को प्री-मानसून बताया है। हालांकि राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में अभी प्री-मानसून की रफ्तार कम आंकी जा रही है, मगर राज्य के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में प्री-मानसून की रफ्तार सामान्य बताई जा रही है, जो गर्मी की मार झेल रहे लोगों को अगामी दिनों के दौरान गर्मी से पूरी तरह राहत प्रदान कर सकती है। हिमाचल प्रदेश में वर्ष 2018 के दौरान प्री-मानसून 27 जून को पहुंचा था। साल 2017 के दौरान राज्य में प्री-मानसून ने पहली जुलाई को दस्तक दी थी। हिमाचल में इस साल दो वर्षों के बाद मानसून जल्दी पहुंचा है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि हिमाचल में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी है। सोमवार को राज्य में हुई बारिश प्री-मानसून की बौछारें थीं। सोमवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई है। चायल में सबसे अधिक 62 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई है। इसके अलावा सुंदरनगर में 56, सोलन में 33, शिमला में 18, ऊना में 10, कुफरी में 9, सराहन में 26, राजगढ़ और भुंतर में 5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

जुलाई के पहले हफ्ते पहुंचेगा मानसून

हिमाचल प्रदेश में मानसून जुलाई माह के पहले सप्ताह के दौरान दस्तक देगा। विभाग की मानें तो राज्य में मानसून के दौरान सामान्य बारिश होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App