बंजार में गिरी निजी बस, 36 की मौत

By: Jun 21st, 2019 12:08 am

बयोट मोड़ पर दर्दनाक हादसा, 34 अन्य घायल

बंजार – कुल्लू जिला के बंजार उपमंडल मुख्यालय के निकट बयोट मोड़ पर एक निजी बस के  करीब 500 फुट गहारी खाई में लुढ़क जाने से उसमें सवार 36 लोगों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर है। बस में 70 लोग सवार थे। हादसे का कारण ओवरलोडिंग, सड़क का खराब होना और ब्रेक फेल होना माना जा रहा है। एसडीएम बंजार से प्राप्त सूचना के अनुसार हादसा गुरुवार शाम करीब 4.10 बजे हुआ, जब बंजार से गाड़ागुशैणी-खौली के लिए रवाना हुई एक निजी बस  (एचपी 65-7065) महज दो किलोमीटर दूर ही लगभग 500 फुट गहरी खाई में गिर गई। घटना की सूचना मिलते ही बंजार के एसडीएम अन्य अधिकारियों और बचाव दल सहित दुर्घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल बंजार पहुंचाया। गंभीर रूप से घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू रवाना किया गया। वहां से गंभीर घायलों को चंडीगढ़ रैफर किया गया है। जिला अस्तपाल से तुरंत एंबुलेंस को घटना स्थल को रवाना किया गया। दो बचाव टीमें और स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में लगातार सहयोग देते रहे। एसडीएम एमआर भारद्वाज के अनुसार बचाव कार्य जारी है और मृतकों की संख्या और अधिक हो सकती है। वहीं उपायुक्त कुल्लू ऋचा वर्मा, सीएमओ कुल्लू डा. सुशील चंद्र और एसडीएम कुल्लू भी मौके पर पहुंचे। एसपी कुल्लू शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच चल रही है। हादसे में मरने वालों में पुष्पा देवी (25) भूमिया , विशन सिंह (42) छुनार, आदित्य शर्मा (22) पेडचा, मीना देवी (28) धार, चांदनी (20) तहसील वालीचैकी, चरन सिंह (54) गडशाउ, डोला सिंह (56) पौडी, खजान सिंह (75) वाहू, दिजेंद्र (26) पेडचा, चंपा (26) गाडागुशैनी, कंडक्टर छोटू, यशपाल (36) मोहनी, सेस राम (80) मोहनी, पूर्ण चंद (24) थववाडी, कांता (20) बाहू, रमेश चंद (20) मोहनी, दुर्गा देवी (38) बछूट, पन्नू देवी (62), मोहन लाल (46) सूम तांदी,  शांगरी देवी (75) गुशैनी, रीत राम (45) विगर, खीम सिंह (60) गाड़ागुशैनी, गीता देवी (20) वीहांवा, यमुना देवी धार तांदी, दीना नाथ ददभास (60), दिनेश भूमिया (4), सेस राम (61) विंयो, पन्ना लाल पुजाली, रीता देवी वाहू, कुसुम लता (30) बछूट, धनेश्वरी बछूट, जानहवी (10) सूम तांदी  आदि शामिल हैं। उधर, परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने भी बंजार बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मंत्री ने कहा कि वह शुक्रवार को कुल्लू के रथ मैदान में आयोजित वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में भाग नहीं लेंगे। वह गुरुवार देर रात को ही बंजार अस्पताल घायलों का हाल जानने के लिए पहुंचे। इस दौरान वह यहां देर रात को मृतकों के परिजनों से भी मिले। वहीं बंजार विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र शौरी ने भी हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

एक साथ उठेंगी बाप-बेटी की अर्थी

कुल्लू – हादसे में कलम के सिपाही मोहन लाल के साथ उसकी बेटी की मौत भी हो गई है, जबकि दूसरी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई है। शुक्रवार को बाप-बेटी की अर्थी एकसाथ उठेंगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने भी जताया शोक

कुल्लू – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर पीडि़त परिजनों के प्रति संवेदना जताई।

हादसे की होगी मजिस्टे्रट जांच

शिमला – प्रदेश सरकार कुल्लू के बंजार के नजदीक गुरुवार को हुए निजी बस हादसे की मजिस्टे्रट जांच करवाएगी। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस बारे में निर्देश जारी किए हैं। सडक़ दुर्घटना पर राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गहरा शोक व्यक्त किया है। राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिवारों को इस अपूर्णीय क्षति से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वह हादसे से बहुत आहत हैं। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए मृतकों की आत्मा की शांति तथा घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। जयराम ठाकुर ने जिला प्रशासन को दुर्घटना में घायल यात्रियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आधिकारिक जांच के आदेश दिए गए हैं। इस बीच बस दुर्घटना की जानकारी प्राप्त होते ही परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर शिमला से घटना स्थल के लिए रवाना हो गए। उन्होंने दुर्घटना के मृतकों के परिजनों के साथ संवेदनाएं व्यक्त की हैं। जिला प्रशासन ने मृतकों एवं घायलों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 50-50 हजार रुपए की राहत राशि प्रदान की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App