बारह घंटे थमे रहे गाडि़यों के पहिए

By: Jun 30th, 2019 12:05 am

भरमौर—चंबा- होली मार्ग पर शुक्रवार रात्रि पहाड़ी दरकने से भारी भरकम चट्टानों के आ गिरने से करीब बारह घंटे वाहनों की आवाजाही ठप रही। जिसके चलते शनिवार सवेरे होली से कांगड़ा की ओर जाने वाली सरकारी व निजी बसों के अलावा छोटे वाहन बीच राह में फंस गए है। लोक निर्माण विभाग ने मार्ग बंद होने की सूचना पाते ही मशीनरी संग मौके पर पहंुचकर यातायात बहाली को लेकर काम छेड़ दिया। मगर लोक निर्माण विभाग की मार्ग खोलने की कुछआ गति के चलते लोगों को घंटों चिलचिलाती धूप में भूखे-प्यासे खड़े रहने को मजबूर होना पड़ा। इसी बीच हलके के विधायक जियालाल कपूर के मौके पर पहंुचने के बाद ही लोक निर्माण विभाग ने मार्ग खोलने को लेकर मुस्तैदी दिखाते हुए दोपहर बाद वाहनों की आवाजाही को सामान्य बनाने में सफलता हासिल की। होली मार्ग पर वाहनों की आवाजाही आरंभ होने के बाद ही बीच राह में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली। जानकारी के अनुसार होली मार्ग पर शुक्रवार मध्यरात्रि गरोला के झिरडू मोड के पास अचानक पहाड़ी के दरकने से चट्टानें व मलबा मुख्य मार्ग पर आ गिरा। जिससे मार्ग पर वाहनों के पहिए पूरी तरह थम गए। शुक्रवार सवेरे होली से कांगड़ा को रवाना सरकारी व निजी बसों में सवार लोगों ने मार्ग बंद होने की सूचना लोक निर्माण विभाग को दी। जिसके बाद ही लोक निर्माण विभाग की लेबर ने मशीनरी संग मौके पर पहंुचकर यातायात बहाली के लिए काम आरंभ किया। लोक निर्माण विभाग ने शुक्रवार को दोपहर बाद करीब एक बजे मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को सुचारू बनाने में सफलता हासिल की। बतातें चलें कि होली मार्ग पर विभिन्न जगह पहाड़ी के दरकने से चट्टानें व मलबा गिरने से यातयात अवरूद्ध होना आम बात हो गई है। मगर लोक निर्माण विभाग इन संवेदनशील प्वाइंटों पर मशीनरी व लेबर की तैनाती नहीं कर रहा है। जिस कारण मार्ग बंद होने की सूरत में लोगों को घंटे यातायात बहाली को लेकर इंतजार करना पड़ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App