यमुनानगर में सेना भर्ती 20 से

By: Jun 16th, 2019 12:01 am

पंचकूला -सेना भर्ती कार्यालय अंबाला की ओर से 20 से 30 अगस्त तक तेजली खेल परिसर यमुनानगर में सोल्जर जीडी, सोल्जर क्लर्क/स्टोर कीपर व तकनीकी पदों के लिए सेना भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी भर्ती कार्यालय के निदेशक कर्नल सोमनाथ गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में दी। उन्होंने बताया कि रैली में प्रदेश के अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ के उम्मीदवार हिस्सा ले सकेंगे। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। भर्ती के लिए 21 जून से चार अगस्त आवेदन किया जा सकेंगे। उम्मीदवार सेना की भर्ती साइट पर भर्ती से संबंधित शैक्षिक योग्यता और शारीरिक मापदंड की जानकारी ले सकते हैं। उम्मीदवार एडमिट कार्ड अपनी आईडी से पांच से 19 अगस्त तक डाउनलोड कर सकते हैं। उम्मीदवारों को जिले के अनुसार 20 से 30 अगस्त के बीच भर्ती के लिए बुलाया जाएगा। रैली में केवल ऑनलाइन रजिस्टर्ड उम्मीदवार ही हिस्सा ले सकते हैं। रैली में पहली बार सक्त्रिय होगी आर्मी इंटेलीजेंस व अन्य एजेंसियां कर्नल सोमनाथ गुप्ता ने बताया कि दलालों के जाल को तोड़ने के लिए इस बार भर्ती रैली क्षेत्र के आसपास आर्मी इंटेलीजेंस, आईबी, जिला पुलिस व अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय रहेंगी, जिनकी दलालों पर नजर रहेगी। उन्होंने आह्वान किया कि युवा इस भर्ती के लिए किसी भी दलाल के चक्कर में न फंसे। भर्ती पूरी तरह से पारदर्शी तरीके से आयोजित होगी।

नशे का सेवन करने वालों पर होगा केस

कर्नल सोमनाथ ने साफ किया है कि इस बार यदि कोई नशे का सेवन कर शारीरिक टेस्ट देता मिला तो उस पर मामला दर्ज कराया जाएगा। मेडिकल जांच के लिए राज्य सरकार से स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ  इंडिया के चयनित डाक्टरों का पैनल मांगा है। यदि नशे का सेवन कर कोई उम्मीदवार दौड़ आदि में शामिल हुआ, तो वह निश्चित तौर पर पकड़ा जाएगा। ऐसे युवाओं पर इस बार सेना कड़ी कार्रवाई करेगी।   

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App