यूटी में भाजपा का धन्यवाद प्रोग्राम

By: Jun 3rd, 2019 12:01 am

सेक्टर-34 में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद किरण खेर ने लोगों को कहा शुक्रिया

चंडीगढ़ –लोकसभा चुनाव में देशभर में भारतीय जनता पार्टी को प्रचंड बहुमत से मिली जीत और एक बार फिर से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बनने पर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ द्वारा सेक्टर-34 के गुरुद्वारा साहिब के मैदान में धन्यवाद समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यसभा के सदस्य प्रभात झा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, यूटी की सांसद किरण खेर, संगठन महासचिव दिनेश कुमार, उपाध्यक्ष रामवीर भट्टी, सतिंद्र सिंह, बंतो कटारिया, सुशील राणा, राजिंद्र नागपाल, पूर्व सांसद सत्यपाल जैन, अकाली दल चंडीगढ़ के अध्यक्ष हरदीप सिंह विशेष रूप से उपस्थित हुए। समारोह की जानकारी देते हुए पार्टी के मीडिया प्रभारी रविंद्र पठानिया ने बताया कि देश में एक बार फिर से मोदी सरकार बनने और भाजपा को देश की जनता का आर्शीवाद मिलने पर चंडीगढ़ की भाजपा इकाई ने धन्यवाद समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मंच का संचालन महासचिव चंद्रशेखर द्वारा किया गया। इस समारोह में पार्टी के सभी जिला अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, प्रकोष्ठों के संयोजक और सैंकड़ों पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित थे। इस मौके पर राज्यसभा के सदस्य प्रभात झा ने भाजपा-अकाली की सांझा प्रत्याशी किरण खेर एक बार फिर से भारी मतों से जिताने पर चंडीगढ़ वासियों को आभार व्यक्त किया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन ने कहा कि देश में लगातार दूसरी बार गैर कांग्रेसी सरकार बनने और एक बार फिर से नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने पर भाजपा कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि देश की जनता में भी खुशी की लहर है। इस अवसर पर स्थानीय सांसद किरण खेर ने कहा कि भाजपा की जीत से यह साफ  जाहिर होता है कि देश के गरीब परिवार का प्रत्येक व्यक्ति भी भारत के उज्ज्वल भविष्य के बारे में सोचता है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App