शिमला को मिलेगा साइंस लर्निंग एंड क्रिएटिविटी सेंटर

By: Jun 13th, 2019 12:02 am

शिमला -राजधानी के समीप शोघी के आनंदपुर में तारामंडल इस साल बन कर तैयार होगा। केंद्र सरकार के तहत तारामंडल और म्यूजियम का निर्माण होना है। इसके लिए प्रदेश सरकार ने भवन निर्माण का काम शुरू कर दिया है, जो इस वित्त वर्ष में बन कर तैयार होगा और साइंस लर्निंग एंड क्रिएटिविटी सेंटर भी शुरू हो जाएगा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वर्ष 2014-15 में केंद्र सरकार ने शिमला के लिए साइंस लर्निंग एंड क्रिएटिविटी सेंटर प्रोजेक्ट का तोहफा दिया था। इस केंद्र के निर्माण के लिए हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद, शिमला द्वारा शोघी के निकट गांव आनंदपुर में 9.2 बीघा भूमि का चयन कर लिया गया है और भवन निर्माण का काम भी शुरू कर दिया गया है। हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद ने यहां भवन का निर्माण चरणबद्ध तरीके से करवाने का निर्णय लिया है। पहले चरण में दोे ब्लॉक्स बनाए जा रहे हैं। बताया गया कि इसके निर्माण का कार्य लोक निर्माण विभाग कर रहा है। दोनों ब्लॉक्स को बनाने के लिए कुल लागत 914 लाख होगी, जिसमें से 651.32 लाख की राशि वर्ष 2017-18 तक उपलब्ध करवा दी गई है। दोनों ब्लॉक्स का कार्य प्रगति पर है और वर्ष 2019-20 तक दोनों ब्लॉक्स का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। तारामंडल और म्यूजियम में साइंस लर्निंग एंड क्रिएटीविटी सेंटर तैयार होगा। जहां पर प्रदेश के छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण लेने की सुविधा मिलेगी। यहां छात्रों के लिए सभागार, इंस्टीच्यूशन ब्लॉक और कैफेटेरिया की सुविधा मिलेगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App