सोलन में सारा भारत एक मंच पर

By: Jun 2nd, 2019 12:05 am

 सोलन—सोलन जिला की फिलफॉट फॉरम द्वारा ‘अभिनय 2019’ का आगाज 3 जून से सोलन के मुरारी मार्केट हाल में किया जाएगा । लगातार  33 वर्षों से देश के कलाकारों को   फिलफॉट फोरम मंच प्रदान कर रहा है। संस्कृति कार्यक्रम में देश भर से 500 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इस बार भारत वर्ष से असम, महाराष्ट्र, गुजरात, मणिपुर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल, हरियाणा, पंजाब और छत्तीसगढ़ के कलाकार कार्यक्रम में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम तीन से नौ जून तक चलेगा। इसके तहत नाटकों का मंचन, ग्रुप डांस, सोलो डांस, फोक डांस को कलाकारों द्वारा प्रदर्शित किया जाएगा । इस वर्ष फिलफॉट संस्था द्वारा क्लासिकल इंस्ट्रूमेंटल और वोकल म्यूजिकल कंपीटीशन को भी शामिल किया गया है। वहीं, छह जून को चार बजे शूलिनी माता मंदिर से लेकर पुराने डीसी ऑफिस चौक तक झाकियां निकली जाएंगी। इसमें देश भर से आए कलाकार अपनी संस्कृति से संबंधित झांकियां पेश करेंगे। श्री गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में हिमाचली कलाकारों को भी निमंत्रण दिया गया है। इसके अलावा सोलन के स्कूल के बच्चों के लिए भी अलग से कार्यक्रम रखा गया है। कार्यक्रम में फिलफॉट फोरम द्वारा सोलन के विभिन्न स्कूलों के टॉपर्ज को भी सम्मानित किया जाएगा। ‘भाभीजी घर पर हैं’ फेम रोहितेश गौर की भी कार्यक्रम में शरीक होने की संभावना जताई जा रही है। गौर रहे कि  फिलफॉट फोरम 1986 से सोलन में अभिनय कार्यक्रम का आयोजन करता आ रहा है। इस बार संस्था द्वारा 33वां मंचन आयोजित होगा। संस्था का उद्देश्य राष्ट्रीय कलाकारों के साथ- साथ क्षेत्रीय कलाकारों को भी राष्ट्रीय स्तर का मंच प्रदान करना है। फिलफॉट फोरम के मंच से ही राजपाल यादव, दिनेश चौरसिया और संजय बाक्टा जैसे कलाकारों ने अपने अभिनय की शुरुआत की थी और आज ये सभी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान स्थापित कर चुके हंै। वहीं, फिलफॉट फोरम के चेयरमैन विपुल गोयल ने बताया कि सोलन जिला में इस वर्ष भी अभिनय-19 का आगाज किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सदस्य तैयारियां कर रहे हंै।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App