हमीरपुर पहुंचा मंडल का 10 क्विंटल बीज

By: Jun 6th, 2019 12:02 am

महकमे ने कृषि विक्रय केंद्रों पर भेजी खेप, शुगर के मरीजों के लिए फायदेमंद

हमीरपुर -कृषि विभाग के पास मंडल का 10 क्विंटल बीज पहुंच गया है। किसान अपने नजदीकी कृषि विक्रय केंद्रों में बीज खरीद सकते हैं। विभाग ने सभी ब्लॉकों को बीज की खेप भेज दी है, ताकि किसानों को घरद्वार में ही बीज मिल सके। बता दें कि विभाग को मंडल का बीज 100 रुपए किलो के हिसाब से पड़ा है। किसानों को इस बार मंडल के बीज पर 30 रुपए की सबसिडी दी जा रही है। किसान 70 रुपए किलो के हिसाब से मंडल का बीज खरीद सकेंगे। हालांकि बीते वर्ष मंडल के बीज पर 15 रुपए की सबसिडी दी गई थी। ऐसे में किसानों को 85 रुपए किलो के हिसाब से बीज बांटा गया था। सूत्रों की मानें तो मंडल की रोटी खाने में काफी स्वाद होती है। यही नहीं अगर कोई शुगर का मरीज हो, तो डाक्टर भी उसे मंडल की रोटी खाने की सलाह देते हैं। बताया जा रहा है कि जब हमीरपुर में मक्की का बीज नहीं होता था, तो किसान मंडल की ही खेती करते थे। उस समय मंडल की काफी फसल होती थी, लेकिन धीरे-धीरे मक्की ने मंडल का स्थान ले लिया और अब मंडल का बीज बाहरी राज्यों से मंगवाना पड़ रहा है। यही नहीं मंडल की फसल को जंगली जानवर भी नुकसान नहीं पहुंचाते हैं। ऐसे में किसान जंगली जानवरों से प्रभावित क्षेत्रों में मंडल की बिजाई कर सकते हैं। क्योंकि देखने में आया है कि किसान जंगली जानवरों के आंतक से धीरे-धीरे खेतीबाड़ी छोड़ने को मजबूर हैं। मंडल की खेती से किसान एक बार फिर खेतीबाड़ी की तरफ अग्रसर हो सकता है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App