हिमाचल में एक हफ्ता लेट आएगा मानसून

By: Jun 21st, 2019 12:05 am

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में मानसून इस बार एक सप्ताह देरी से पहुंचेगा। मौसम विभाग की मानें तो राज्य में जुलाई माह के पहले सप्ताह के दौरान ही मानसून दस्तक देगा। हालांकि विभाग द्वारा राज्य में मानसून के जल्द दस्तक देने को पूर्वानुमान लगाया जा रहा था, मगर पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से राज्य में अब मानसून के एक सप्ताह देरी से पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हिमाचल प्रदेश में बीते वर्ष मानसून ने 27 जून तक दस्तक दे दी थी। राज्य में मानसून सामान्य जून माह के आखिरी सप्ताह के दौरान पहुंच जाता है, मगर इस बार जनता को अभी और इंतजार करना होगा। इस साल केरल में मानसून के जल्द दस्तक देने से हिमाचल में भी मानसून के जल्द पहुंचने की संभावना जताई जा रही थी। विभाग ने प्रदेश में 18 जून तक प्री-मानसून की उम्मीदें जताई थीं। वहीं विभाग ने राज्य में मानसून के भी जल्द पहुंचने का पूर्वानुमान लगाया था। विभाग ने राज्य में 25 व 26 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना जताई थी, मगर रफ्तार धीमी पड़ने से अब राज्य में मानसून के एक सप्ताह देरी से पहुंचने की उम्मीद है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोहन सिंह ने बताया कि हिमाचल में जुलाई माह के पहले सप्ताह के दौरान दस्तक देगा। पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से मानसून की रफ्तार भी धीमी हो गई है। यही वजह है कि इस बार राज्य में मानसून जुलाई तक ही पहुंचेगा। हिमाचल प्रदेश में मानसून सामान्य तौर पर जून माह के आखिर तक पहुंच जाता था।

सामान्य से ज्यादा बारिश होने की उम्मीद

हिमाचल प्रदेश में इस साल मानसून के दौरान सामान्य से अधिक बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। प्रदेश में जुलाई व अगस्त माह के दौरान सौ फीसदी बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं सितंबर माह के दौरान भी सामान्य बारिश होने की उम्मीद है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App