आधे महीने बाद भी नहीं मिली पगार

By: Jul 19th, 2019 12:05 am

सुबाथू—छावनी परिषद सुबाथू में गुरुवार को आउटसोर्स पर लगे सफाई कर्मचारियों को आधा महीना गुजर जाने के बाद भी सैलरी न मिलना का मामला सामने आया है। इस बारे में सफाई कर्मचारियों ने छावनी सीईओ को भी अपनी समस्या से अवगत करवाने के लिए एक पत्र छावनी कार्यालय में दे दिया है। लोगों की देनदारी व घर की परेशानी के चलते वीरवार सुबह सैलरी न मिलने से नाखुश कर्मचारियों ने क्षेत्र में कार्य न करने का मन बना लिया था। जैसे ही आउटसोर्स पर लगे सफाई कर्मचारियों ने सैलरी न मिलने की बात पार्षद शकुन चौहान को बताई वैसे ही पार्षद ने तुरंत यह कह कर काम पर जाने के लिए कहा की आज दिन में छावनी कार्यालय में इस विषय में आप सबके साथ आपकी समस्यों का हल किया जाएगा। जिसके बाद सभी सफाई कर्मचारी अपने-अपने कार्यों में जुट गए। दिन में 12 बजे छावनी कार्यालय में पार्षद शुकन चौहान व मनीष गुप्ता ने सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को सुना। सफाई कर्मचारियों ने ठेकेदार पर आरोप लगते हुए कहा की आज आधे से ज्याद महीना गुजर गया है, लेकिन अभी तक कुछ कर्मचारियों की सैलरी नहीं मिली है, जिस कारण उन्हें रोजमर्रा की चीजों के लिए तरसना पड़ रहा है। इस बारे में पार्षद मनीष गुप्ता ने बताया की आउटसोर्स पर लगे सफाई कर्मचारियों के ठेकेदार की विरुद्ध समय पर सैलरी न देने की शिकायतें आ रही है। छावनी कार्यालय से जल्द ही उस ठेकेदार को नोटिस जारी किया जाएगा। उन्होंने कर्मचरियों को भरोसा जताया है की अगले महीने की सात तारीख तक उनकी सैलरी उनके बैंक खातों में आ जाएगी। पार्षद मनीष गुप्ता ने सभी कर्मचारियों को उनकी सैलरी से काटने वाले पैसों की भी जानकारी दी। गुप्ता ने बताया की हर महीने 500 रुपए उनकी सुरक्षा के लिए, 2730 रुपए पीपीएफ के और 200 रुपए उनके स्वास्थ सुविधा के लिए उनकी सैलरी से काटे जा रहे हंै। जो बाद में जरूरत के समय उनके काम आएंगे। उन्हें कहा की जल्द ही उनके स्वास्थ कार्ड भी उन्हें दिए जाएंगे।

 गंदी नालियां, न दस्ताने, न मुंह ढकने को मास्क  

सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को छावनी कार्यालय में बैठक के दौरान पार्षदों को बाजार व आसपास की गलियों में सफाई करने के दौरान आ रही समस्याओं से अवगत करवाया। सफाई कर्मियों ने बताया की उन्हें साफ-सफाई के दौरान न तो हाथों के लिए दस्ताने है और न ही मुंह ढकने के लिए किसी प्रकार का मास्क दिया गया है। ऐसे में सफाई करते हुए उन्हें अपने हाथों से ही नालियों से कूड़ा व घास इत्यादि उठाना पड़ रहा है। जिस कारण उन्हें हर समय बीमारियों के लगने का डर लगा रहता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App