कलराज मिश्र हिमाचल के नए राज्यपाल

By: Jul 23rd, 2019 12:04 am

राजभवन में चीफ जस्टिस ने दिलाई पद-गोपनीयता की शपथ

 शिमला —कलराज मिश्र हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल बन गए हैं। सोमवार को उन्होंने यहां राजभवन में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। एक साधारण, लेकिन गरिमापूर्ण समारोह में हिमाचल के नए राज्यपाल के रूप में उन्होंने शपथ ग्रहण की। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति वी रामसुब्रह्मण्यन ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, राज्यपाल की धर्मपत्नी सत्यवती मिश्र और मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी डा. साधना ठाकुर भी उपस्थित थीं। राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया। मुख्य सचिव बीके अग्रवाल ने राज्यपाल की नियुक्ति का पत्र पढ़ा। सचिव राकेश कंवर ने कार्यभार प्रमाण पत्र पर राज्यपाल के हस्ताक्षर प्राप्त किए। पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनोर व उनकी धर्मपत्नी, विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, उद्योग मंत्री विक्रम सिंह, वन मंत्री गोविंद सिंह, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डा. राजीव सहजल, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज, विधायक, अध्यक्ष राज्य उपभोक्ता एवं निवारण आयोग पीएस राणा, उत्तर प्रदेश के श्रम कल्याण परिषद के राज्य मंत्री सुनील भारद्वाज, राज्य लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष मेजर जनरल डीवीएस राणा, महापौर कुसुम सदरेट, पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी, विभिन्न बोर्डों एवं निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष, विश्वविद्यालयों के कुलपति, सेना व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

सहेज कर रखूंगा हिमाचल की उच्च संस्कृति

शपथ लेने के बाद राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की संस्कृति बहुत उच्च है, जिसे सहेज कर रखना बेहद जरूरी है। इसे प्रकृति ने नैसर्गिक सुंदरता बख्शी है। मिश्र ने कहा कि हिमाचल प्रदेश उनके लिए नया नहीं है, क्योंकि पहले भी वह यहां भाजपा के प्रभारी के रूप में काम कर चुके हैं। उन्होंने बतौर राज्यपाल अपनी प्राथमिकताएं भी गिनाए और कहा कि प्रदेश को नशामुक्त बनाना, स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना, बालिका शिक्षा को पहले से अधिक महत्त्व देना, गरीब वर्ग के उत्थान के लिए काम करना और स्वच्छता को एक बड़ा आंदोलन चलाना, उनकी प्राथमिकताओं में शुमार है। अब वह संवैधानिक पद पर बैठे हैं, लिहाजा पक्ष और विपक्ष को साथ लेकर चलना उनकी सबसे अहम प्राथमिकता होगी। यहां जीरो बजट प्राकृतिक खेती को लेकर जो अभियान पूर्व राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने चला रखा है, उसे निरंतर जारी रखा जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App