चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग कल /भारत का यान 16 मिनट में पृथ्वी की कक्षा में पहुंचेगा

By: Jul 14th, 2019 3:03 pm

नई दिल्ली – चंद्रयान-2 की लॉन्चिंग सोमवार तड़के 2 बजकर 51 मिनट पर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन सेंटर से होगी। इसे भारत के अब तक के सबसे ताकतवर जीएसएलवी मार्क-III रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा। लॉन्चिंग के 16 मिनट बाद चंद्रयान-2 पृथ्वी की कक्षा में स्थापित हो जाएगा। इसे चांद की सतह तक पहुंचने में 1,296 घंटे यानी 54 दिन का समय लगेगा। दैनिक भास्कर ऐप के पाठकों के लिए इस मिशन से जुड़े अहम सवालों के जवाब बता रहे हैं एस्ट्रोनॉमर योगेश जोशी. चंद्रयान-2 वास्तव में चंद्रयान-1 मिशन का ही नया संस्करण है। इसमें ऑर्बिटर, लैंडर (विक्रम) और रोवर (प्रज्ञान) शामिल हैं। चंद्रयान-1 में सिर्फ ऑर्बिटर था, जो चंद्रमा की कक्षा में घूमता था। चंद्रयान-2 के जरिए भारत पहली बार चांद की सतह पर लैंडर उतारेगा। यह लैंडिंग चांद के दक्षिणी ध्रुव पर होगी। इसके साथ ही भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर यान उतारने वाला पहला देश बन जाएगा। मिशन को जीएसएलवी मार्क-III से भेजा जाएगा। रॉकेट को पृथ्वी की कक्षा में पहुंचने में 16 मिनट का समय लगेगा। सुबह 3 बजकर 7 मिनट के आसपास चंद्रयान-2 पृथ्वी की कक्षा में पहुंच सकता है। चंद्रयान-2 सोलह दिनों तक पृथ्वी की कक्षा के 5 चक्कर पूरे करेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि अगर यान को पृथ्वी से सीधे चांद की तरफ भेजते हैं, तो इससे ईंधन बहुत खर्च होगा। चंद्रयान-2 को सीधे चांद की तरफ भेजने के लिए 1 सेकंड में 11.2 किमी की रफ्तार चाहिए, लेकिन जीएसएलवी मार्क-III इस रफ्तार से उड़ान नहीं भर सकता। इसी वजह से यान को पृथ्वी की कक्षा के 5 चक्कर लगाने पड़ेंगे ताकि वह धीरे-धीरे गुरुत्वाकर्षण से बाहर आए। यान अंडाकार (इलिप्टिकल) चक्कर लगाएगा। जब यह पृथ्वी के सबसे पास होगा, तब ऑर्बिटर और धरती के बीच 170 किमी की दूरी होगी। जब यह सबसे दूर होगा तो पृथ्वी और ऑर्बिटर के बीच 40,400 किमी की दूरी होगी। हर चक्कर के साथ पृथ्वी से चंद्रयान-2 की दूरी बढ़ती जाएगी। पृथ्वी की कक्षा के 5 चक्कर पूरे करने के बाद चंद्रमा की कक्षा तक पहुंचने में  इसे 5 दिन का वक्त लगेगा। ऑर्बिटर चंद्रमा की कक्षा में पहुंचकर 4 चक्कर लगाएगा। इसका कारण यह है कि पहली बार कोई देश दक्षिणी ध्रुव पर लैंडर उतारेगा। इसके लिए इसरो के ऑर्बिटर को चंद्रमा की सतह की निगरानी करनी होगी ताकि सुरक्षित लैंडिंग हो सके।  चंद्रमा की कक्षा में भी ऑर्बिटर पहले अंडाकार चक्कर लगाएगा। इसके बाद इसे सर्कुलर ऑर्बिट (गोलाकार) में लाया जाएगा। जब ऑर्बिटर चंद्रमा की सतह से 100 किमी ऊपर होगा, तभी लैंडर उससे अलग हो जाएगा। इसके बाद लैंडर जब चंद्रमा की सतह से 30 किमी ऊपर होगा, तब उसकी गति धीमी होती चली जाएगी ताकि सॉफ्ट लैंडिंग हो सके। लैंडर को चंद्रमा की सतह तक पहुंचने में करीब 4 दिन का वक्त लगेगा। लैंडर (विक्रम) के चांद की सतह पर उतरने के बाद उसमें से रोवर (प्रज्ञान) को निकालने में 4 घंटे का समय लगेगा। क्योंकि रोवर 1 सेकंड में सिर्फ 1 सेमी की दूरी तय कर सकता है। चांद की कक्षा में पहुंचने के बाद ऑर्बिटर एक साल तक काम करेगा। इसका मुख्य उद्देश्य पृथ्वी और लैंडर के बीच कम्युनिकेशन करना है। इसके साथ ही ऑर्बिटर चांद की सतह का नक्शा तैयार करेगा, ताकि चांद के अस्तित्व और विकास का पता लगाया जा सके। वहीं, लैंडर और रोवर चांद पर एक दिन (पृथ्वी के 14 दिन के बराबर) काम करेंगे। लैंडर यह जांचेगा कि चांद पर भूकंप आते हैं या नहीं। जबकि, रोवर चांद की सतह पर खनिज तत्वों की मौजूदगी का पता लगाएगा। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App