चलती टूरिस्ट बस में लगी आग

By: Jul 14th, 2019 12:01 am

पिपली में चालक को नींद आने पर हुआ हादसा; दो लोगों की दर्दनाक मौत, जांच में जुटी स्थानीय पुलिस

मोरनी -राष्ट्रीय राजमार्ग पर खंड पिपली के नजदीक टूरिस्ट बस में आग लग गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बस में करीब 55 लोग सवार थे।  हादसे की वजह चालक को नींद आना बताया जा रहा है। समाचार लिखने तक मृतकों की पहचान नहीं हो पाई थी। पुलिस के अनुसार शनिवार तड़के दिल्ली से जम्मू जा रही टूरिस्ट बस डिवाइडर से टकराई गई। डिवाइडर से टकराते ही बस पलट गई और उसमें आग लग गई। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में शीशे तोड़कर यात्रियों को बस से बाहर निकाला गया।  इस दौरान भगदड़ मचने से 75 वर्षीय वृद्धा आग की चपेट आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। अन्य सभी यात्री उपचाराधीन हैं। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी एवं सदर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की मदद से आग पर काबू पाया गया, हालांकि आग से पूरी बस एवं यात्रियों का सामान राख हो गया। सदर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि बस में करीब 50 से 55 सवारियां थी, जिनमें से चार की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है, जबकि 14 लोग सिविल अस्पाल में भर्ती हैं।  उन्होंने बताया कि चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने घटनास्थल का मुआयना किया और सिविल अस्पताल में उपचाराधीन यात्रियों से घटना की जानकारी ली।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App