जान पर खेल कर गवाह की रक्षा करने वाले पुलिसकर्मियों की मौत पर शोक

By: Jul 8th, 2019 12:01 am

चंडीगढ़ -हरियाणा  पुलिस महानिदेशक मनोज यादव ने हत्या के एक मामले में मुख्य गवाह के जीवन की रक्षा करने वाले ईएएसआई सुरेश कुमार के  निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। डीजीपी ने ईएएसआई चूहर राम और सिपाही परवीन कुमार के निधन पर भी शोक व्यक्त किया है, जिन्होंने जिला अंबाला में कानून व्यवस्था की ड्यूटी के बाद घर लौटते समय एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना में अपना जीवन गवां दिया।  जारी एक शोक संदेश में श्री यादव ने इसे पुलिस विभाग के लिए एक बड़ी क्षति बताते हुए कहा कि तीनों पुलिस कर्मियों को उनकी बहादुरी और पुलिस विभाग में दी गई उत्कृष्ट सेवाओं के लिए लंबे समय तक याद किया जाएगा। डीजीपी ने कहा कि पुलिस द्वारा मृतक कर्मियों के परिजनों को विभाग की कल्याणकारी योजनाओं के तहत सभी प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उल्लेखनीय है कि ईएएसआई सुरेश कुमार को गांव बड़ागांव के सत्र न्यायाधीश हत्या मामले में एक मुख्य गवाह के पीएसओ के रूप में तैनात किया गया था। जब तीन हमलावरों ने गवाह पर बंदूक से हमला किया, तो सुरेश कुमार ने अपनी जान की परवाह किए बिना हमले को विफल करने के लिए बहादुरी से जवाब दिया, जिसके परिणामस्वरूप गोली लगने से उनकी मृत्यु हो गई।  हत्या में शामिल सभी दस आरोपियों को बाद में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इसी प्रकार ईएएसआई चूहर राम और सिपाही परवीन कुमार नारायणगढ़ के गांव महुआखेड़ी में तनावपूर्ण स्थिति होने पर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी पर थे। 24 घंटे से अधिक समय तक लगातार अपनी ड्यूटी करने के बाद दोनों अपने संबंधित पुलिस स्टेशन में तीन जुलाई को रात लगभग नौ बजे रिपोर्ट कर आधिकारिक साप्ताहिक अवकाश के बाद अपने घर के लिए रवाना हो गए। उनकी कार यमुनानगर में सरणवा-पाबानी रोड पर दुर्घटनाग्रस्त  पर हुई। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर ले जाया गया, जहां दोनों ने आखिरी सांस ली।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App