नौणी की तलाश खत्म, पालमपुर की शुरू

By: Jul 12th, 2019 12:01 am

प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय के 13वें वीसी के लिए कई वैज्ञानिक दौड़ में शामिल

पालमपुर – नौणी विश्वविद्यालय को नया कुलपति मिल गया है और अब प्रदेश के एकमात्र कृषि विश्वविद्यालय में 13वें नियमित वीसी की तलाश शुरू हो गई है। मौजूदा कुलपति डा. एके सरयाल ने 11 अगस्त, 2016 को कार्यभार ग्रहण किया था और उनका कार्यकाल अगस्त में समाप्त होने जा रहा है। प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना से लेकर अब तक विश्वविद्यालय 20 कुलपति सेवाएं प्रदान कर चुके हैं, पर इनमें केवल 12 ही रेगुलर तौर पर नियुक्त किए गए हैं, जबकि आठ वीसी कुछ -कुछ समय के लिए तैनात किए गए थे। एक बात साफ तौर पर मानी जाती है कि प्रदेश में सत्ताधारी दल के नेताओं के साथ करीबी संबंध रखने वाले वैज्ञानिकों को इसका कहीं न कहीं लाभ अवश्य मिलता है। कृषि विश्वविद्यालय के पहले कुलपति होने का गौरव डा. हेतराम कालिया को मिला था और कृषि विश्वविद्यालय के इतिहास में अब तक केवल डा. तेजप्रताप ही इस पद पर दो बार पहुंचने में सफल रहे हैं। डा. तेज प्रताप 2001 से 2004 और 2007 से 2010 तक कृषि विश्वविद्यालय में बतौर कुलपति सेवाएं दे चुके हैं। कृषि विश्वविद्यालय में अब तक तैनात किए गए कुलपतियों में से तीन का विश्वविद्यालय से संबंध रहा है। इनमें डा. एसके शर्मा, डा. केके कटोच और प्रो. अशेक कुमार सरयाल शामिल हैं। कृषि विवि में अब तक कुलपति पद पर पहुंचने वाले 12 वैज्ञानिकों में से अधिकतर कृषि क्षेत्र से ही  रहे हैं, जबकि पशु विज्ञान क्षेत्र से केवल दो वैज्ञानिक ही इस पद पर पहुंच पाए हैं। कुलपति पद पर नियुक्ति तीन साल के लिए की जाती है और हिमाचल के साथ दूसरे प्रदेशों के वैज्ञानिक भी इस दौड़ में शामिल रहते हैं।

  1. डा. हेतराम कालिया
  2. डा. डीआर ठाकुर (कार्यवाहक)
  3. डा. जीसी नेगी
  4. डा. बीएस कंवर (कार्यवाहक)
  5. डा. कीर्ति सिंह
  6. डा. बीएस कंवर (कार्यवाहक)
  7. डा. आरपीएस त्यागी
  8. डा. बीएम सिंह (कार्यवाहक)
  9. डा. पीके खोसला
  10. डा. योगेश खन्ना (कार्यवाहक)
  11. डा. देवस्वरूप (कार्यवाहक)
  12. डा. तेज प्रताप
  13. डा. जगमोहन सिंह चौहान
  14. डा. मनोरंजन कालिया (कार्यवाहक)
  15. डा. डीएस राठौर
  16. डा. तेज प्रताप
  17. डा. एसके शर्मा
  18. डा. केके कटोच
  19. अनुराधा ठाकुर (कार्यवाहक)
  20. प्रो अशोक कुमार सरयाल


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App