पौधा लगाना-उसकी सेवा करना पुण्य का काम

By: Jul 24th, 2019 12:05 am

नाहन—वृक्ष को परोपकारिता का एक जीवंत प्रमाण माना जाता है और धार्मिक ग्रंथों में वृक्ष लगाना और उसकी सेवा करना एक पुनीत कार्य माना गया है, ताकि शुद्ध पर्यावरण से लोगों का जीवन सुखी एवं समृद्ध बन सके। यह बात विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने मंगलवार को नाहन के समीप आमवाला में वन विभाग के सौजन्य से आयोजित जिला स्तरीय वन महोत्सव के उपलक्ष्य पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इससे पहले उन्होंने सीता-अशोक का पौधा रोपित कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर स्थानीय लोगों द्वारा 500 पौधे रोपित किए गए। उन्होंने कहा कि पंचवटी की तर्ज पर पौध रोपण  किया जाएगा। डा. बिंदल ने जानकारी दी कि इस वर्ष बरसात के दौरान नाहन निर्वाचन क्षेत्र में 1,23,391 हेक्टेयर भूमि पर रोपित किए जाएंगे, जिसके लिए वन विभाग द्वारा चिन्हित 10 साइटों का चयन किया गया है, जबकि सिरमौर जिला में इस वर्ष 596 हेक्टेयर भूमि पर चिन्हित 42 स्थलों पर  विभिन्न प्रजातियों के 2.18 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है। डा. बिंदल ने कहा कि लोगों की पौध रोपण कार्यक्रम में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हर वर्ष वन महोत्सव कार्यक्रम रखे जाते हैं। उन्होंने कहा कि आमवाला-सैनवाला पंचायत के लिए प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 170 लाख की एक योजना तैयार करके भारत को स्वीकृति हेतु भेजी गई है, जिसकी स्वीकृति मिलने पर इस योजना का निर्माण कार्य आरंभ कर दिया जाएगा। इस मौके पर वन अरण्यपाल बीएल नेगी ने जिला में आयोजित किए जाने वाले वनीकरण कार्यक्रम बारे विस्तार से जानकारी दी। इसके अतिरिक्त जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता, पंचायत समिति की अध्यक्षा कविता चौहान, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीनदयाल, जिप सदस्या मनीष चौहान और स्थानीय प्रधान संदीपक ने भी अपने विचार रखे। इससे पहले सहायक वन अरण्यपाल वेद प्रकाश शर्मा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया। इस मौके पर अधिशाषी अभियंता विद्युत राकेश कपूर, अधिशाषी अभियंता आईपीएच मंदीप गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App