प्रियंका वढेरा की गिरफ्तारी पर शिमला में कांग्रेस का प्रदर्शन

By: Jul 21st, 2019 12:04 am

विरोध स्वरूप जलाया यूपी के मुख्यमंत्री का पुतला

शिमला  – प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शिमला में पार्टी कार्यालय के समीप राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वढेरा की उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा की गई गिरफ्तारी पर शांतिपूर्वक धरना-प्रदर्शन कर विरोध जताया। उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में 10 निर्दोष लोगों के सामूहिक हत्याकांड के पीडि़त परिवारों से मुलाकात करने जा रही प्रियंका गांधी को पुलिस ने आलोकतांत्रिक तरीके से  गिरफ्तार कर लिया था। कांग्रेस कमेटी ने इसके विरोध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला जलाया। इस अवसर पर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा कि हर राज्य में भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आने के बाद विपक्षी दलों के नेताओं का उत्पीड़न एवं हर मामले का राजनीतिकरण कर अपनी सियासी रोटियां सेकने का काम करती आ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमरा गई है तथा सोनभद्र में हुई सामूहिक हत्याकांड की घटना इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है। सामूहिक हत्याकांड में मारे गए लोगों के परिजनों को सांत्वना देने जा रही कांग्रेस महामंत्री को केंद्र के इशारे पर उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गिरफ्तार करना लोकतंत्र की हत्या करने के समान है। धरना-प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, विधायक विक्रमादित्य सिंह, नंद लाल, विनय कुमार, मोहन लाल ब्राक्टा, पूर्व विधायक आर्दश सूद, प्रदेश महिला अध्यक्ष जैनब चंदेल, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनीष ठाकुर सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App