फिर भी भयमुक्त उत्तर प्रदेश का राग अलाप रही योगी सरकार: प्रियंका

By: Jul 29th, 2019 3:15 pm

 कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने योगी सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के विधायक द्वारा कथित बलात्कार की पीड़िता के साथ सड़क दुर्घटना, उसके पिता की हिरातस में मृत्यु और गवाह की रहस्यमय स्थिति में मौत जैसी लगातार चौंकाने वाली घटनाएं हो रही है फिर भी राज्य सरकार ‘भयमुक्त उत्तर प्रदेश’ का राग अलाप रही है। श्रीमती वाड्रा ने सोमवार को एक के बाद एक कई ट्वीट करते हुए कहा “बलात्कार पीड़िता के साथ सड़क दुर्घटना का हादसा चौंकाने वाला है। इस मामले में चल रही केंद्रीय जांच ब्यूरो-सीबीआई जांच कहां तक पहुंची? आरोपी विधायक अभी तक भाजपा में क्यों हैं? पीड़िता और गवाहों की सुरक्षा में ढिलाई क्यों? इन सवालों के जवाब के बिना क्या भाजपा सरकार से न्याय की कोई उम्मीद की जा सकती है?”उन्होंने आगे लिखा “महिला के साथ कथित रूप से भाजपा के विधायक ने बलात्कार किया है। पीड़िता के पिता को मारा गया तथा हिरासत में उनकी मृत्यु हो गयी। मामले के मुख्य गवाह की पिछले साल रहस्यमय परिस्थिति में मौत हो गयी। अब बदरंग नम्बर प्लेट वाले ट्रक की टक्कर में मामले की गवाह और पीड़िता की चाची मारी गयी और उनका वकील गंभीर रूप से घायल हो गया है।”श्रीमती वाड्रा ने कहा ‘खुद युवती इस दुर्घटना के कारण बहुत ज्यादा जख्मी हालात में अस्पताल में भर्ती हैं। आरोपी अब भी भाजपा का विधायक है। इन तमाम हालातों के बावजूद भाजपा सरकार ‘भयमुक्त उत्तर प्रदेश’ के दुस्साहसिक प्रचार में जुटी है।”उन्होंने सवाल किया कि राज्य सरकार की अपने नागरिकों के प्रति कोई जिम्मेदारी नहीं है या यह कभी उसके एजेंडे का विषय ही नहीं रहा है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App