बिलासपुर को हरा-भरा करने को अभियान आज से

By: Jul 20th, 2019 12:02 am

बिलासपुर –शुक्रवार को राज्य स्तरीय वन महोत्सव का आगाज होने के बाद शनिवार से वन विभाग बिलासपुर सर्किल के तहत 38 चिन्हित क्षेत्रों में पौधारोपण शुरू करेगा। पांच दिवसीय इस अभियान के तहत वन विभाग बिलासपुर व कुनियार में डेढ़ लाख पौधे लगाएगा। अरण्यपाल बिलासपुर आरएस पटियाल ने बताया कि शुक्रवार को मंडी जिला पनारसा में वन महोत्सव के राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इसमें सीएम जयराम ठाकुर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए राज्य स्तरीय पौधारोपण अभियान का आगाज किया है। अरण्यपाल ने बताया कि बिलासपुर सर्किल में शनिवार से शुरू होने वाले इस अभियान में पंचायत स्तर पर लोगों को जोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि पूरे सर्किल में होने वाली प्लांटेशन में इस बार महिला मंडलों, युवक मंडलों व ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाएगा।  इसके अलावा ज्वाइंट फोरेस्ट मैनेजमेंट कमेटी भी इस अभियान में अपनी भूमिका निभाएगी। आरएस पटियाल ने बताया कि जिला में जंगलों को हरा-भरा करने के लिए वन विभाग 145 हेक्टेयर भूमि पर नए पौधे लगाएगा। कुल 145 में से 45 हेक्टेयर क्षेत्र पर लोगों द्वारा पौधे लगवाए जाएंगे। यह प्रतिनिधिमंडल पौधे लगाने के साथ-साथ इनकी देखभाल भी करेंगे, जिस मंडल द्वारा सबसे बेहतरीन कार्य किया जाएगा, उसे वन विभाग सम्मानित भी करेगा। लोगों के सहयोग से की जाने वाली यह प्लांटेशन उनके गांव के साथ लगते जंगलों में की जाएगी। आमूमन देखा गया है कि इतने बड़े स्तर की जाने वाली प्लांटेशन के बाद उसकी देखरेख में विभाग को काफी दिक्कतें पेश आती हंै, लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। वन विभाग द्वारा 15 तरह के औषधीय व पशुओं के चारे वाले पौधे लगाए जाएंगे। इनमें खैर, बहेड़ा, रीठा, हरड़, जामुन, शीशम, आंवला, कचनार, तूनी व बांस शामिल रहेंगे।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App