बिहार और असम में बाढ़ का तांडव,अबतक 139 की मौत

By: Jul 20th, 2019 10:43 am

NBTबिहार और असम में बाढ़ का तांडव जारी है। पिछले 24 घंटों में बिहार में जहां बाढ़ की वजह से 12 लोगों की मौत हो गई, वहीं असम में 11 लोग काल के गाल में समा गए। बिहार में बाढ़ से अबतक 92 तो असम में 47 लोगों की मौत हो चुकी है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के बाढ़ पीड़ित परिवारों की आर्थिक मदद के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर स्कीम का ऐलान किया है। हर पीड़ित परिवार को राज्य सरकार 6-6 हजार रुपये देगी जो सीधे उनके खाते में जाएगी। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने असम के सांसदों के एक प्रतिनिधि मंडल को बाढ़ राहत के लिए केंद्र की तरफ से हर मुमकिन मदद का भरोसा दिया है। 

बिहार में 67 लाख आबादी प्रभावित 
बिहार में बाढ़ की विनाशलीला में अबतक 92 जिंदगियां खत्म हो चुकी हैं। राज्य के 12 जिलों की 66.76 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित है। सीतामढ़ी जिले में सबसे बुरे हालात हैं। गुरुवार को अकेले इसी जिले में 27 लोगों की मौत हुई थी। 

बिहार में पीड़ित परिवारों को 6-6 हजार रुपये 
बिहार में बाढ़ प्रभावित इलाकों में सरकार के साथ-साथ गैरसरकारी स्तर पर राहत कार्य जारी है। इस बीच मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को बाढ़ पीड़ित परिवारों के लिए डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर स्कीम को लॉन्च किया। इसके तहत हर पीड़ित परिवार को पब्लिक फाइनैंशल मैनेजमेंट सिस्टम के तहत 6-6 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इस स्कीम के शुरुआती चरण में तहत 3.02 लाख परिवारों में 181.39 करोड़ रुपये बांटे भी जा चुके हैं। 

असम में 49 लाख आबादी प्रभावित 
असम स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (ASDMA) के आंकड़ों के मुताबिक सूबे में बाढ़ से 3,705 गांवों की 48,87,443 आबादी प्रभावित है। असम में पिछले 24 घंटे में 11 लोगों की बाढ़ के कारण मौत हो चुकी है। सूबे में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 47 हो चुकी है। इंसानों के साथ-साथ जानवरों का भी बुरा हाल है। गैंडों के लिए मशहूर काजीरंगा नैशनल पार्क जलमग्न है। पोबितोरा वाइल्डलाइफ सैंक्च्युअरी भी पानी में डूबा हुआ है। 

पीएम ने हरसंभव केंद्रीय मदद का दिया भरोसा 
शुक्रवार के असम के 10 बीजेपी सांसदों के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की और बाढ़ के हालात की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने इस संकट से निपटने के लिए पीएम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें राज्य की हरसंभव मदद का भरोसा दिया है। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App