रेलवे टै्रक पर दौड़ी लेखकों की ‘पैदल गाड़ी’… पहले की सफाई, फिर कविताएं सुनाई

By: Jul 22nd, 2019 12:02 am

शिमला में साहित्यकारों ने साहित्यिक यात्रा के जरिए दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

शिमला –शिमला में मौजूद लेखक व साहित्यकार वर्ग सामाजिक सुधार में अपना बड़ा योगदान दे रहा है। इसी कडु में एक बार फिर शिमला के लेखक व साहित्यकार हेरिटेज रेल ट्रैक पर एकत्र हुए। इससे पहले उन्होंने रेल में बैठकर साहित्य यात्रा की थी, लेकिन रविवार को इस रेल ट्रैक के आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाने की दृष्टि से पैदल यात्रा का आयोजन किया। हिमालय मंच के संयोजक एसआर हरनोट और उनके सहयोगी इस यात्रा में शामिल हुए। हिमालय साहित्य संस्कृति एवं पर्यावरण मंच ने कालका-शिमला रेलवे के संयुक्त संयोजन में रविवार सुबह तारादेवी से समरहिल रेलवे ट्रैक पर पैदल यात्रा शुरू की। इसमें स्थानीय व निकटवर्ती क्षेत्रों से 50 से अधिक लेखकों व संस्कृति कर्मियों ने भाग लिया। यात्रा प्रातः 9ः30 बजे तारादेवी से रवाना हुई और एक बजे समरहिल स्टेशन पर पहुंची। यात्रा के दौरान शामिल लोगों ने ट्रैक और आसपास बिखरे कचरे को साफ करने के अतिरिक्त खाली जगह पर पौधे और बीज भी रोपे। इस पर्यावरण यात्रा का ठहराव जतोग स्टेशन रहा। हिमालय मंच के अध्यक्ष एसआर हरनोट ने कहा कि समरहिल स्टेशन पर पहुंचने के उपरांत शामिल लेखकों ने 50 से अधिक देवदार और बान के पौधे लगाए। एचपीयू के कुलपति डा. सिकंदर कुमार ने इतिहासकार एसआर मेहरोत्रा की स्मृति में देवदार का पौधा रोपा, जिनका हाल ही में देहावसान हुआ है। कार्यक्रम का दूसरा सत्र साहित्य गोष्ठी का रहा, जिसमें कविताएं पढ़ीं गईं। इनमें अधिकांश कविताएं जल, जंगल और जमीन के संरक्षण की चिंताओं पर केंद्रित थीं।

कार्यक्रम में इन्होंने भी भरी हाजिरी

यात्रा में शामिल रचनाकारों में गुप्तेश्वर नाथ उपाध्याय, डा. कुल राजीव पंत, प्रो. मीनाक्षी एफ पॉल, सतीश रत्न, आत्मा रंजन, डा. अनिता शर्मा, आनंद प्रकाश शर्मा, रतन चंद निर्झर, दिनेश शर्मा, दीप्ति सारस्वत, डा. देव कन्या ठाकुर, स्नेह लता, अश्विनी कुमार, डा. मधु शर्मा, नरेश दयोग, शांति स्वरूप शर्मा, वंदना राणा, सीताराम शर्मा, सुमन धनंजय, गोपाल झिलटा, संजय गेरा, डा. रोशन लाल जिंगटा, डा. सुनीला शर्मा, अनुराधा कश्यप, अनिल शर्मा, विचलित अजय, आंचल भंडारी, यादव कुमार शर्मा, राहुल प्रेमी, रीना, पिंकू, निकिता  शर्मा, अभिमन्यु राणा, डा. विकास,  देव प्रकाश भाटिया, दिलीप ठाकुर और यादवेंद्र ठाकुर शामिल रहे। इस आयोजन को सफल बनाने में उत्तरी रेलवे अंबाला मंडल के क्षेत्रीय प्रबंधक दिनेश सी शर्मा और समरहिल स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक संजय गेरा की विशेष भूमिका रही।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App