वेट लिफ्टिंग चैंपियन कल्याण सिंह को सम्मान

By: Jul 21st, 2019 12:02 am

बचत भवन परिसर में समारोह के दौरान विधायक विक्रम जरयाल ने किया पुरस्कृत

चंबा -आस्ट्रेलिया के समोआ में आयोजित जूनियर कामन वैल्थ वेट लिफ्टिंग चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता कल्याण सिंह के सम्मान में बचत भवन परिसर में शनिवार को समारोह का आयोजन किया गया। समारोह के दौरान विधायक विक्रम जरयाल व डीसी विवेक भाटिया ने कल्याण सिंह को शाल व टोपी पहनाकर और 11 हजार रुपए की राशि का चेक भंेटकर सम्मानित किया। इस मौके पर भटियात के विधायक विक्रम सिंह जरयाल, एसपी चंबा डा. मोनिका भुटुंगरू, अतिरिक्त उपायुक्त हेमराज बैरवा, जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सुरेश  शर्मा व कल्याण सिंह के पिता देवराज व माता कौशल्या देवी के अलावा शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बतातें चलें कि जूनियर कामन वैल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में कल्याण सिंह ने 127 किलोग्राम स्नेच और 160 किलोग्राम क्लीन एंड जर्क में कुल 287 किलोग्राम भार उठाया। इससे पहले वर्ष 2017 में हिमाचल ओलंपिक में रजत पदक, हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय भरोतोलन प्रतियोगिता में स्वर्ण तथा दो कांस्य पदक अर्जित किए। वर्ष 2018 में कल्याण सिंह ने नागपुर में आयोजित जूनियर नेशनल भारोत्तोलन प्रतियोगिता के 96 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक जीता। जनवरी 2019 में पुणे में आयोजित खेलो इंडिया राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक प्राप्त किया । सम्मान समारोह में मौजूद विधायक विक्रम सिंह जरयाल ने कल्याण सिंह को बधाई देते हुए कहा कि जिला चंबा में खेल व खिलाडि़यों के विकास के लिए गुणात्मक आधारभूत ढांचे के सृजन को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। यह प्रयास किया जा रहा है कि यहां ऐसे खेल मैदान विकसित किए जाएं, जहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं मुहैया करवाई जा सकें । उन्होंने युवाओं से नशा निवारण के लिए व्यापक अभियान आरंभ करने का आह्वान किया।  डीसी विवेक भाटिया ने कहा कि सीमित साधनों के बावजूद कल्याण सिंह ने रजत पदक जीतकर यह साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति से हर चुनौतीपूर्ण कार्य पूरा किया जा सकता है। उन्होंने  कल्याण सिंह के उज्जवल भविष्य की कामना की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App