शिमला-सिरमौर-मंडी को इनाम

By: Jul 31st, 2019 12:15 am

बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान में बेहतर काम पर पुरस्कृत

शिमला  —‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत प्रदेश के तीन जिलों को पुरस्कृत किया गया है। इसमें शिमला, सिरमौर और मंडी जिले शामिल है। भारत सरकार द्वारा दिए जा रहे इस पुरस्कार में देश के दस जिलों को स्थान दिया गया है, जिसमें बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के बेहतर प्रदर्शन पर प्रदेश के तीन जिलों की पीठ थपथपाई गई है।  सक्षम गुडि़या बोर्ड के उपाध्यक्ष रूपा शर्मा का कहना है कि बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत भारत सरकार द्वारा पूरे देश में दस जिलों को पुरस्कार के लिए चुना गया है, जिसमें प्रदेश के तीन जिले शामिल है। इसमें सिरमौर और मंडी के साथ मुख्यतः शिमला जिला को भी इस योजना के उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रतिभागी बनाया गया है। इसके लिए सक्षम गुडि़या बोर्ड की उपाध्यक्ष रूपा शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस पुरस्कार के लिए आभार व्यक्त किया है। वहीं, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को इस पुरस्कार के लिए बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह मुख्यमंत्री की बेहतर नीतियों का परिणाम है। रूपा शर्मा ने कहा कि इस अभियान को चलाने के लिए मिलने वाले अवार्ड के लिए तीनों जिलों के उपाध्यक्ष बधाई के पात्र हैं।  उन्होंने कहा कि महिला विकास विभाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास परियोजना अधिकारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताआें का भी आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि 2015 में बेटी बचाओ, और बेटी बढ़ाओ अभियान को शुरू किया गया था, जिसमें बालिका जन्मोत्सव पर प्रोत्साहन राशि, मेधावी छात्राआेें को आठवीं दसवीं और बारहवीं की बोर्ड परीक्षाआें में अच्छे अंक लेने के लिए प्रोत्साहन राशि का प्रावधान है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App