हार पर देना होगा जवाब

By: Jul 13th, 2019 12:07 am

कोच शास्त्री-कप्तान कोहली के लौटने पर सवालों की लिस्ट के साथ सीओए तैयार

नई दिल्ली  —सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त प्रशासकों की समिति वर्ल्ड कप-2019 में टीम इंडिया के प्रदर्शन को लेकर मुख्य कोच रवि शास्त्री और कप्तान विराट कोहली के साथ समीक्षा बैठक करेगी। बैठक के दौरान आईसीसी वर्ल्ड कप सेमीफाइनल में मिली शिकस्त को लेकर सवाल पूछे जा सकते हैं। साथ ही विनोद राय की अध्यक्षता वाली समिति मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद से भी बातचीत करेगी। बैठक में अगले साल होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप की रूप रेखा तैयार की जाएगी। इस समिति में विनोद राय के अलावा में डायना एडुल्जी और लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) रिव थोडगे भी शामिल हैं। विनोद राय ने कहा कि कप्तान और कोच के ब्रेक से लौटने के बाद बैठक होगी। अभी समय और तारीख तय नहीं है। हम चयनकर्ताओं से भी बातचीत करेंगे। अंबाति रायडू को बीसीसीआई की तरफ से वर्ल्ड कप के लिए रिजर्व खिलाडि़यों में रखा गया था। इसके बावजूद वर्ल्ड कप के बीच सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और नंबर चार पर खेलने वाले विजय शंकर के चोटिल होने पर भी रायडू को टीम में नहीं शामिल किया गया, वहीं ऋषभ पंत और मयंक अग्रवाल को उनकी जगह टीम में शामिल किया गया। इस बात से निराश होकर अंबाति रायडू ने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। बताया जा रहा था कि अंबाति रायडू की जगह मयंक अग्रवाल को टीम में शामिल किए पर कोच और कप्तान की हामी थी।

बैटिंग ऑर्डर पर घेराव 

सेमीफाइनल न्यूजीलैंड से मिली शिकस्त के बाद लिटिल मास्टर सुनील गावस्कर महेंद्र सिंह धोनी के बैटिंग ऑर्डर पर सवाल किए थे। उन्होंने कहा था कि जब भारत ने अपने टॉप-3 बल्लेबाजों के विकेट सस्ते में गंवा दिए थे, तब हार्दिक पांड्या और ऋषभ पंत बल्लेबाजी कर रहे थे। दोनों मिजाज के लिहाज से एक जैसे बल्लेबाज हैं। उनकी जगह एक छोर पर धोनी को होना चाहिए था, जो पंत को संयमित रहने की सलाह दे सकते थे। आखिरकार पंत एक खराब शॉट खेलकर आउट हुए, जो भारत के लिए बाद में काफी महंगा साबित हुआ।

धोनी के संन्यास पर सवाल

न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में भारतीय टीम की हार के बाद अब दिग्गज विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास को लेकर चर्चाएं खूब जोर पकड़ रही हैं। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी वर्ल्ड कप खत्म होने के बाद अपने संन्यास का ऐलान कर देंगे। मगर अभी तक एमएस धोनी की तरफ से कोई ऐसी बात सुनने को नहीं मिली है, लेकिन सभी फैन्स का ऐसा मानना है कि पूर्व कप्तान धोनी ने अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला अब खेल लिया है।

कल मुंबई रवाना होगी टीम इंडिया

लंदन। विश्व कप सेमीफाइनल में हारकर बाहर हुई भारतीय क्रिकेट टीम रविवार को स्वदेश रवाना होगी। भारत को वर्षाबाधित सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने 18 रन से हराया। बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा, सभी खिलाड़ी अलग-अलग जगहों पर हैं और 14 को लंदन से एक साथ रवाना होंगे। वे मुंबई पहुंचेंगे। विश्व कप फाइनल भी रविवार को इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि कुछ भारतीय खिलाड़ी विश्व कप के बाद ब्रेक ले सकते हैं। सभी की नजरें महेंद्र सिंह धोनी पर हैं, जिनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की अटकलें जोरों पर हैं। माना जा रहा है कि धोनी मुंबई से सीधे रांची रवाना होंगे।

विंडीज दौरे को लेकर सस्पेंस

मुंबई। पूर्व कप्तान धोनी टीम इंडिया के लिए वनडे या टी-20 मैच खेलते रहेंगे या फिर रिटायरमेंट ले लेंगे? सेमीफाइनल में हार के बाद वर्ल्ड कप में भारत का सफर खत्म होने के बाद से ही यह सवाल सभी क्रिकेटप्रेमियों के जेहन में आ रहा है। जवाब क्या है, किसी को नहीं पता, क्योंकि इस सवाल का जवाब तो सिर्फ धोनी ही दे सकते हैं। अब जब वर्ल्ड कप-2019 में टीम इंडिया का सफर खत्म हो चुका है और खिलाड़ी स्वदेश लौटने को हैं, तो क्रिकेट प्रशासक  धोनी से इस बारे में जवाब का इंतजार कर रहे हैं। टीम वापस भारत आने के बाद वेस्टइंडीज दौरे पर जाएगी। सिलेक्शन कमेटी की मीटिंग 17 या 18 जुलाई को मुंबई में होनी है। इस मीटिंग में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वोले तीन मैचों की टी-20, तीन मैचों की वनडे और दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम का चुनाव होगा और वे जानते हैं कि धोनी वेस्टइंडीज नहीं जाएंगे।

 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App