हाल देखो! आपरेशन बीच में छोड़ चले गए डाक्टर

By: Jul 6th, 2019 12:15 am

ऊना अस्पताल में परिवार नियोजन आपरेशन के दौरान पेश आया शर्मनाक मामला

ऊना-क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में शुक्रवार को परिवार नियोजन आपरेशन को लेकर विवाद हो गया। आपरेशन करवाने पहुंची दो महिलाओं के परिजनों ने चिकित्सक पर बिना बेहोश किए कट लगाकर आपरेशन बीच में ही छोड़ने का आरोप लगाया। शिकायत स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के पास पहुंचने के बाद बाकायदा सीएमओ ऊना डा. रमन कुमार ने आपरेशन टीम को तलब किया, जिसके चलते मामला शांत हुआ। वहीं, पीडि़त महिलाओं को बेहतर उपचार मुहैया करवाने के निर्देश सीएमओ की ओर से दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पूर्व निर्धारित परिवार नियोजन कैंप के चलते महिलाएं सुबह ही अस्पताल में पहुंच गईं। वहीं, क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में तैनात स्त्रीरोग विशेषज्ञ के छुट्टी पर होने के चलते अंब से टीम आई थी। बताया जा रहा है कि एक महिला को आपरेशन के लिए ले जाया गया, लेकिन लंबा समय बीत जाने के बाद भी आपरेशन सफल नहीं हो पाया। वहीं, इसी बीच दूसरी महिला को भी आपरेशन के लिए बुलाया गया। यह आपरेशन भी पूरा नहीं हो पाया, जिसके चलते इन महिलाओं के साथ आए तीमारदारों ने इसकी सूचना अन्य परिजनों को दी। परिजन भी सूचना मिलने पर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंच गए। इसी बीच आपरेशन के लिए बुलाए गए चिकित्सक भी चले गए।  परिजनों ने यह मसला स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों के पास पहुंचाया। मामला ध्यान में आने के बाद अस्पताल प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए। पीडि़त महिलाओं का आरोप है कि उन्हें बिना बेहोश किए आपरेशन शुरू कर दिया गया, जबकि इसके बाद चिकित्सक ने मशीन खराब होने की बात कहकर आपरेशन बीच में छोड़ दिए। इसके अलावा उन्हें अगले सप्ताह आपरेशन करवाने के लिए आने को कहा। उधर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डा. रमन कुमार ने कहा कि अंब से पहुंची टीम क्षेत्रीय अस्पताल में दो मरीजों का आपरेशन कर रही थी। आपरेशन के दौरान कोई समस्या पैदा हुई थी, जिसके चलते मरीजों के आपरेशन नहीं हो पाए। वहीं, अस्पताल में तैनात स्त्री रोग विशेषज्ञ एक सप्ताह की छुट्टी पर हैं। विशेषज्ञ के ड्यूटी पर लौटने के बाद दोनों महिलाओं का आपरेशन करवाया जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App