108 एंबुलेंस में नन्ही परी का जन्म

By: Jul 22nd, 2019 12:05 am

स्वारघाट —प्राथमिक चिकित्सा केंद्र स्वारघाट की एकमात्र 108 एंबुलेंस स्वारघाट उपमंडल के साथ-साथ जिला सोलन की जनता के लिए वरदान साबित हो रही है। खासकर गर्भवती महिलाओं के लिए। रविवार सुबह करीब पौने छह बजे पीएचसी स्वारघाट के 108 कर्मियों ने एक बार फिर 108 एंबुलेंस में अपनी कार्यकुशलता के दम पर सफल डिलीवरी करवाई है और डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार लागदाघाट गांव  की ममता शर्मा पत्नी राकेश कुमार को सुबह करीब चार बजे अचानक तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। यह देख उसके परिजनों ने 108 पर फोन कर बिलासपुर अस्पताल जाने के लिए एंबुलेंस की मांग की। 108 की तरफ  से पीएचसी स्वारघाट से 108 चालक कमलजीत व ईएमटी कमल ठाकुर एंबुलेंस वाहन सहित लागदाघाट गांव पहुंचे और गर्भवती महिला को 108 एंबुलेंस में क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर ले जाने लगे। जब एंबुलेंस बिलासपुर से कुछ पीछे मंडी मानवां स्थान पर पहुंची तो ममता शर्मा को बहुत तेज प्रसव पीड़ा होने लगी। 108 चालक कमलजीत ने महिला की हालत को देखकर तुरंत वाहन को सड़क किनारे पार्क किया और ईएमटी कमल ठाकुर ने अपनी कार्य दक्षता से महिला की सफल डिलीवरी करवा दी। डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित हैं। महिला ममता शर्मा ने सुबह पांच बजकर 41 मिनट पर स्वस्थ लड़की को जन्म दिया है। ममता  के  परिजनों ने  सफल डिलीवरी के लिए एंबुलेंस कर्मियों का आभार व धन्यवाद भी प्रकट किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App