अजय ठाकुर आज बनेंगे अर्जुन

By: Aug 29th, 2019 12:06 am

हिमाचल के कबड्डी स्टार को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के हाथों मिलेगा प्रतिष्ठित पुरस्कार

बीबीएन – राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद देश के स्टार कबड्डी खिलाड़ी और हिमाचल के गबरू अजय ठाकुर को गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार प्रदान करेंगे। पद्मश्री अजय ठाकुर को यह सम्मान कबड्डी में शानदार प्रदर्शन के लिए दिया जाएगा। अर्जुन विजेता सोलन जिला के दभोटा से अजय ठाकुर को लघु प्रतिमा, प्रमाण पत्र और पांच लाख रुपए का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। समारोह में अजय ठाकुर के अलावा क्रिकेटर रवींद्र जडेजा और पूनम यादव, एथलीट तजिंदर पाल सिंह तूर, मोहम्मद अनस और स्वप्ना बर्मन, मोटर रेसर गौरव सिंह गिल, महिला पहलवान पूजा ढांडा, पोलो खिलाड़ी सिमरन सिंह शेरगिल, घुड़सवार फवाद मिर्जा सहित 19 खिलाडि़यों को अर्जुन पुरस्कार दिया जाएगा।

अर्जुन पुरस्कार

तजिंदर पाल सिंह तूर (एथलेटिक्स), मोहम्मद अनस यहिया (एथलेटिक्स), एस भास्करन (बॉडीबिल्डिंग), सोनिया लाथर (मुक्केबाजी), रवींद्र जडेजा (क्रिकेट), पूनम यादव (क्रिकेट), चिंगलेनसाना सिंह कंगुजम (हॉकी), अजय ठाकुर (कबड्डी), गौरव सिंह गिल (मोटर स्पोटर्स), प्रमोद भगत (पैरा स्पोट्र््स बैडमिंटन), अंजुम मुद्गिल (निशानेबाजी), हरमीत राजुल देसाई (टेबल टेनिस), पूजा ढांडा (कुश्ती), फवाद मिर्जा (घुड़सवारी), गुरप्रीत सिंह संधू (फुटबाल), स्वप्ना बर्मन (एथलेटिक्स) , सुंदर सिंह गुर्जर (पैरा स्पोट्र््स एथलेटिक्स), भमिदीपति साई प्रणीत (बैडमिंटन) और सिमरन सिंह शेरगिल (पोलो)

बजरंग-दीपा को मिलेगा खेल रत्न

नई दिल्ली – राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद विश्व के नंबर एक पहलवान बजरंग पुनिया और रियो पैरालंपिक की रजत पदक विजेता पैरा एथलीट दीपा मलिक को गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में एक समारोह में देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न प्रदान करेंगे। समारोह में राजीव गांधी खेल रत्न, द्रोणाचार्य (नियमित और लाइफ टाइम), अर्जुन पुरस्कार, ध्यानचंद अवॉर्ड, राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार,तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहस पुरस्कार और मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। विश्व के नंबर एक पहलवान बजरंग ने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण, एशियाई खेलों में स्वर्ण, हंगरी में पिछले वर्ष विश्व चैंपियनशिप में रजत, इस साल चीन में हुई एशियन चैंपियनशिप में स्वर्ण, बुलगारिया में हुए अली अलीयेव अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्वर्ण और जॉर्जिया में हुए तिबलिस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक जीता है। वह अगले साल टोक्यो में होने वाले ओलंपिक में देश की सबसे बड़ी पदक उम्मीद माने जा रहे हैं। दीपा मलिक पैरालंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक 58 राष्ट्रीय और 23 अंतरराष्ट्रीय पदक जीते हैं।

अन्य पुरस्कार विजेता

द्रोणाचार्य अवार्ड (नियमित) : विमल कुमार (बैडमिंटन), संदीप गुप्ता

(टेबल टेनिस) और मोहिंदर सिंह ढिल्लों (एथलेटिक्स)

द्रोणाचार्य अवार्ड (लाइफ टाइम) : मरजबान पटेल (हॉकी), रामबीर

सिंह खोखर (कबड्डी) और संजय भारद्वाज (क्रिकेट)

ध्यानचंद अवार्ड : मैनुअल फ्रेडरिक्स (हॉकी), अरुप बसाक (टेबल टेनिस), मनोज कुमार (कुश्ती),

नितिन कीर्तने (टेनिस) और सी लालरेमसांगा (तीरंदाजी)

राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार :

गगन नारंग स्पोट्र््स प्रमोशन फाउंडेशन और गो स्पोट्र््स तथा रॉयलसीमा विकास ट्रस्ट

मौलाना अबुल कलाम आजाद (माका) ट्रॉफी : पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़

तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहस पुरस्कार : अपर्णा कुमार (भू साहस), स्वर्गीय दीपांकर घोष (भू साहस), मणिकंदन के (भू साहस), प्रभात राजू कोली (जल साहस), रामेश्वर जांगड़ा (वायु साहस), वांगचुक शेरपा (जीवन पर्यंत उपलब्धि)


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App