आर्थिक मंदी देश के लिए खतरनाक

By: Aug 29th, 2019 12:01 am

शिमला – हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने केंद्र की मोदी सरकार द्वारा आरबीआई के खजाने से 1.76लाख करोड़ लेने पर हैरानी जताई है।  उनका कहना है कि इससे साफ है कि देश में अघोषित आर्थिक मंदी है। देश में बढ़ते आर्थिक संकट पर चिंता जताते हुए कांग्रेस ने कहा है कि अगर यही स्थिति रही तो देश गंभीर संकट में पड़ सकता है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर का कहना है कि आजादी के 70 साल बाद देश की अर्थव्यवस्था भाजपा के इस शासनकाल में अस्त-व्यस्त हो कर रह गई है, जो चिंता का विषय है। कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि केंद्र एक ओर जहां बड़े औद्योगिक घरानों को मंदी से उबारने के लिए धन जारी कर रहा है, वहीं दूसरी ओर लोगों की क्रयशक्ति आज  निम्न स्तर पर पहुंच गई है। आज देश के लोग आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। बड़े उद्योग कर्मचारियों की छंटनी करने पर मजबूर हैं। श्री राठौर ने कहा है कि देश के इतिहास में पहली बार आरबीआई को देश की सरकार को फाइनांस करना पड़ रहा है। केंद्र की भाजपा सरकार, जो देश के लोगों को अपने रोजगार स्थापित करने के लिए बैंकों से लोन देने की बात करती थी, आज बैंकों के पास उन्हें देने को पैसा ही नहीं है। लोकसभा चुनावों के समय भाजपा ने दो करोड़ तक के लोन बगैर किसी गारंटी के देने का वादा लोगों से किया था, जो आज हवा हवाई साबित हुआ है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App